- वोकल फॉर लोकल की थीम पर स्थानीय लोगों को मिला रोजगार
- प्रतिदिन हो रही विशेष आरती, वितरित हो रहा महाभोग
- रेडक्रॉस समिति के हुए दस वर्ष पूर्ण
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में जगह-जगह भगवान श्री गणेश विराजमान है एवं विघ्नहर्ता के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान है। मंडला नगरी में धर्ममय माहौल हो गया है। शहर में मध्य स्थल पर रेडक्रॉस के लाड़ले के दर्शन के लिए शाम को भीड़ उमड़ पड़ती है । यहां पर श्री गणेश का विशेष पंडाल सजाया गया है। समिति सदस्य गोल्डी झरिया ने बताया की रेडक्रॉस मित्र मंडल मंडला द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री राजा जी की स्थापना की गई है। समिति का यह दसवां वर्ष है।
बताया गया कि इस वर्ष समिति ने वोकल फॉर लोकल थीम पर गणेश उत्सव मनाने का निर्णय लिया है। जिसमें गणेश जी की मूर्ति पंडाल से टेंट लाइट, सांस्कृतिक गतिविधियां, बैंड, डीजे, ढोल सभी कुछ लोकल व्यक्तियों के द्वारा ही एवं उनके सहयोग से ही किया जा रहा है, जिससे शहर के लोगों को ही रोजगार मिल सके। वोकल फॉर लोकल की थीम से यह संदेश दिया जा रहा है कि शहर का पैसा शहर में ही रहे।
रेडक्रॉस पंडाल में प्रति दिन समिति के द्वारा विशेष आरती की जा रही है, इसके साथ ही महाभोग भी अर्पित किया जा रहा है। जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन पहुंच रहे है। यहां आने वाले भक्त भगवान गणेश की पूजा, अर्चना महाआरती में भगवान गणपति से सभी परिवारों के लिए सुख समृद्धि की कामना कर रहे है। समिति के द्वारा रोजाना विविध आयोजन किये जा रहे हैं।