- सड़क पर कब्जा जमाकर बैठे आवारा मवेशी
- मूक जानवरों धमाचौकड़ी से नहीं मिल रही नगर को निजात
- मंडला नगरपालिका बरत रही लापरवाही
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला शहर में पशुपालक अपने मवेशियों को सड़क में छोड़ रहे है। जिससे मवेशी सड़क पर कब्जा जमा रहे है। जिससे हादसे का अंदेशा हमेशा बना रहता है। भारी वाहनों की चपेट में आने से मवेशी भी घायल हो जाते है लेकिन नगरीय प्रशासन के द्वारा कोई पुख्ता व्यवस्था नही बनाई जा रही है। नगर पालिका का ध्यान शहर में घूम रहे मवेशियों पर नहीं है। जिससे समस्या का निराकरण नही हो रहा है। खानापूर्ति के लिए छुटपुट कार्रवाई कर इतिश्री कर ली जाती है।
बता दे कि मंडला शहर के चौक चौराहा, मुख्य बाजार समेत मुख्यालय से लगे क्षेत्रों में आवारा मवेशियों का जमघट देखा जा सकता है। बीच मार्गो में कब्जा जमाए ये मवेशी बैठे रहते है, जिससे आवागमन अवरूद्ध होता है। नगर के चौक चौराहा में मवेशियों का कब्जा हो गया है। जिससे निजात मिल पाना कठिन लग रहा है। आमजनों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रात्रि में भी सड़क पर मवेशियों के बैठने से हादसे हो रहे है, जिसमें कई बार मवेशी घायल हो जाते है और वाहन सवार भी चोटिल होते है। इस ओर संबंधित विभाग का ध्यान नहीं है।
शहरी क्षेत्र के हाइवे के अलावा बाजार में भी मवेशी धमाचौकड़ी मचाते नजर आ जाते है। जिससे लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन नगरीय प्रशासन के द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। आवारा मवेशियो को कांजी हाऊस नहीं पहुंचाया जा रहा है। जिससे आवारा मवेशी शहर में ही धमाचौकड़ी मचा रहे है। कार्रवाई के नाम पर कुछ मवेशियों को पकड़कर कांजी हाऊस में छोड़ दिया जाता है, जिसके बाद नगरपालिका का काम समाप्त हो जाता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस समस्या से निजात पाने के लिए मंडला नगरपालिका और स्थानीय प्रशासन को कोई पुख्ता इंतजाम करना पड़ेगा, जिसके बाद ही इस समस्या से निजात मिल सकेगा।
शिकवा, शिकायत के बाद समस्या जस की तस
इस संबंध में परिषद को कई शिकायत की जा चुकी है। यहां तक ज्ञापन भी सौपें जा चुके है। रोजाना मवेशी भी घायल हो रहे है। लेकिन किसी का भी ध्यान नही है। मंडला नगरपालिका के द्वारा हांका गैंग को सक्रिय नही किया जा रहा है। हांका गैंग भी नदारद है। जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकवा, शिकायत के बाद ही हांका गैंग को सक्रिय किया जाता है, ऐसे में इस समस्या से कैसे निजात मिल सकेगा।
नपा का नहीं है ध्यान
मंडला नपा का ध्यान शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों पर नही है। शहर की सड़कों में घूमते आवारा मवेशी सड़कों के बीच बेपरवाह खड़े और बैठे रहते है। जिससे यातायात भी बाधित होता है। लेकिन नपा का हांका गैंग कही भी दिखाई नहीं देता। सड़क में घूमने वाले मवेशियों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिस ओर नपा का ध्यान नहीं है।
यहां दिखते है अधिक मवेशी
जिला मुख्यालय में आवारा मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाए आम बात हो गई है। इसको लेकर मंडला नपा और जिला प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। उपनगर महाराजपुर में आंगन तिराहा से नेहरू स्मारक, सिविल लाईन मार्ग, बस स्टेंड मार्ग, झूला पुल समेत जिला मुख्यालय के अन्य वार्डो के मार्गो के बीच और नेशनल हाईवे की सड़क में जगह-जगह मवेशी खड़े और बैठे नजर आते है। जिससे यातायात बुरी तरह बाधित होता है। नर्मदा नदी में बने पुल और पुल के मुहाने पर भी मवेशियों का जमघट देखा जाता है। यहां भी घटनाएं आए दिन होती रहती है। इस ओर ध्यान देने की मांग की गई है।












