- लोक लुभावन राखियां बहनों को कर रही आकर्षित
- भाइयों की कलाई में सजाएंगे बहनें अपना स्नेह
- रक्षाबंधन पर्व के लिए नाम वाली राखी बनी खास
- पंसद आ रही भाभियों के लिए लुंबा राखी तो बच्चों के लिए कार्टून वाली राखी
मंडला महावीर न्यूज 29. भाई बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन 19 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर प्यार बाधेंगी, जिसके लिए राखियों का बाजार सज गया है, राखियाँ खरीदने के लिए बहनों में उत्साह है। पारंपरिक रेशम की डोरी की तरफ बहनों का हमेशा से ही रूझान रहा है। कुछ महिलाओं ने बताया कि आकर्षक राखियाँ हम घर पर खुद बनाते हैं जिसमें हमारा स्नेह और भी बढ़ जाता है इसके साथ ही रक्षाबंधन के लिए पूजा की थाली को डेकोरेट कर रहे हैं और मनमोहक बना रहे हैं, इसके साथ ही देश के प्रति प्रेम को देखते हुए स्वदेशी राखियाँ ज्यादा पसंद की जा रही हैं जिससे हमारे देश के व्यवसाय, उद्योग को प्रोत्साहन मिल सके।
जानकारी अनुसार भाई बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन के लिए बहनों ने राखी खरीदी के साथ और भी अन्य सामग्री के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं और परंपरागत रूप से रक्षाबंधन पर सेलिब्रेट करने के लिए उत्साहित हैं। इस अवसर पर बाजार में तरह-तरह की राखियां मौजूद हैं और लोक लुभावन राखियां बहनों को आकर्षित कर रही है। दिन प्रतिदिन राखियों में तरह-तरह की वैरायटी आ रही हैं जिसको लेकर बहनों के मन में भाईयों के प्रति जो स्नेह रहता है उसको निभाने की रस्मों को लेकर बहने रक्षाबंधन पर्व की तैयारी कर रही है। राखियों के साथ पूजन सामग्री और भाई को भेंट देने की रस्म अदायगी के लिए बहनों ने तैयारी शुरू कर दी है, इस अवसर पर भाई एवं बहन दोनों एक दूसरे को उपहार देने की तैयारी में जुटे हैं।
हाथों से बनी राखी से बढ़ता है भाई बहन का प्यार
बताया गया कि बहने घर पर ही तरह-तरह की राखियां बना रही हैं। इसके लिए राखी में लगने वाली सामग्री एकत्रित कर राखी को और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही हैं। बहनों का उद्देश्य यही रहता है कि वह अपने हाथों से राखी बनाकर भाइयों की कलाई सजाएंगे जिससे बहनों का स्नेह दोगुना बढ़ जाता है, क्योंकि बहनों द्वारा हाथों से बनाई राखी उनके प्यार से सजाई जाती है, हर डेकोरेशन में भाइयों के प्रति स्नेह झलक रहा है।
भाई, बहन की नाम, फोटो वाली राखी बनी पंसद
मौजूदा समय में नाम और फोटो वाली राखी का प्रचलन है। बहनें, भाई के नाम वाली स्पेशल राखी ऑर्डर देकर बनवा रही है। इसके अलावा भाई एवं बहन के फोटो को राखी में सेट किया जाता है और इसके लिए फोटो देकर स्पेशल राखी आर्डर पर बनवाई जाती है। राखी विक्रेता ने बताया कि इस राखी को बनने के लिए 6 से 8 दिन लगते हैं जिसमें पसंद की हुई राखी में भाई बहन के फोटो सेट हो जाते हैं और आकर्षित राखी बन जाती है।
बच्चों को लुभा रही कार्टून वाली राखी
रक्षाबंधन का पर्व बड़ों के लिए तो खास रहता ही है इस परंपराओं को निभाने में बच्चे भी खासे उत्साहित रहते हैं और वह अपनी पसंदीदा राखी ले रहे हैं। बाजार में बच्चों की कार्टून वाली राखी जिसमें डोरेमोन, स्पाइडरमैन, शिनचेन, छोटा हाथी, मोटू पतलू एवं तरह-तरह के कार्टून वाली राखी पसंद की जा रही है इसके साथ ही लाइट वाली राखी भी बच्चों की पसंदीदा बनी हुई है और बच्चे शौक से इसे खरीद रहे हैं।
भाइयों के साथ भाभियों की है लुंबा राखी
एक और बहने अपने भाइयों के लिए राखियां खरीद रही है इसके साथ ही भाभियों को भी राखी बांधने का क्रेज बढ़ता जा रहा है, भाभियों को भी अपनी नंद से राखी बंधवाने का उत्साह रहता है। इसके लिए बाजार में लुंबा राखी मौजूद है। इसमें भाभियों के लिए अलग से राखी भी आ रही है और भाई और भाभी की राखी का सेट भी बहनों की पहली पसंद बना हुआ है,राखी विक्रेता ने बताया कि दिन प्रतिदिन लुंबा राखी की मांग बढ़ती जा रही है।
इनका कहना है
मैं भाई भाभी वाली लुंबा राखी ज्यादा पसंद करती हूं, रक्षाबंधन पर्व के लिए तैयारी शुरू कर दी है, प्रतिवर्ष इस पर्व के लिए मन में उत्साह बना रहता है और भाइयों के माथे में हल्दी और चावल का टीका लगाकर हाथों में राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व सेलिब्रेट करेंगे।
बाजार में तरह-तरह की राखियां लोक लुभावन हैं,इसमें मुझे स्वास्तिक बनी हुई राखी ज्यादा पसंद है जिसमें परंपरागत रूप से रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए एक सोच रहती है और भाइयों की कलाई में खूबसूरत भी लगती हैं, रक्षाबंधन पर्व को सेलिब्रेट करने के लिए खरीददारी शुरू कर दी है।
बाजार में तरह-तरह की राखियां मौजूद हैं, मैं भाई को ऐसी राखी बांधना पसंद करती हूं जो भाई की कलाई में सुंदरता के साथ टिकी और बंधी रहे जैसे हमारा अनमोल रिश्ता है,मैं सुंदर और टिकाऊ राखी ज्यादा पसंद करती हूं,रक्षाबंधन पर्व के लिए विभिन्न तैयारी के लिए उत्साहित हैं।

















