- डॉन बनने के लिये आरोपी ने की थी ट्रक चालक की हत्या
- वर्ष 2021 में हुये अंधे कत्ल का चौंकाने वाला खुलासा
- हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश
मंडला महावीर न्यूज 29. 14 दिसंबर 2021 की शाम ट्रक चालक मुन्ना उर्फ गजानंद धारिया पिता सेवकराम धारिया 60 साल निवासी टिकरिया कुम्हा थाना टिकरिया की धारदार हथियार से हत्या का मामला नैनपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सनसनी खेज घटना में चौंकाने वाला खुलासा किया है। यहां आरोपी इस वारदात को अंजाम इसलिए दिया कि उसे नैनपुर क्षेत्र का डॉन बनना था, लेकिन आरोपी डॉन तो नहीं बन सका और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार इस सनसनीखेज मामले की विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश की रही थी। इस अंधे कत्ल के आरोपी रित्तिक उर्फ नितेश श्रीवास पिता स्वं. प्रदीप श्रीवास 25 निवासी वार्ड नंबर 15 नैनपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी रितिक उर्फ नितेश ने जुर्म कबूल कर बताया कि वह नैनपुर क्षेत्र का डान बनने के लिये 14 दिसंबर 2021 को आरोपी ने ट्रक लुटने की योजना बनाकर घर से निकला था। घूमते हुये मोटरसाईकिल से लिफ्ट लेकर ग्राम धनौरा बालाघाट रोड पर शाम 5.30 बजे पहुंचा, इसी दौरान नैनपुर की तरफ से ट्रक चालक गैस टंकी से भरा ट्रक लेकर आया जिसे रोककर चालक द्वारा पूछने पर बालाघाट जाने का बताया, तब चालक ने चांगोटोला तक जाउंगा कहां, तब आरोपी ने कहा वहां से में बालाघाट लिफ्ट लेकर चले जाउंगा, कहकर ट्रक में बैठा लिया।
बताया गया कि जैसे ही भीमानाला जंगल रास्ते में शाम करीबन 6.30 बजे पहुंचा इसी दौरान आरोपी ने चालक गजानंद से ट्रक लूटने की बात करने पर ट्रक चालक ने पुलिस सूचना देने की बात कहीं, तभी आरोपी ने पेंट की जेब में रखा नुकीला धारदार चाकू से चालक के सिर, गर्दन, सीने व पेट में 19 से 20 बार वार किया। आरोपी से बचने के लिए ट्रक चालक ट्रक को बीच रोड में खड़ा कर भागा। थोडी दूर भागते हुए गजानंद रोड पर गिर गया औऱ ट्रक चालक गजानन्द की मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी ट्रक से उतरकर जंगल के रास्ते भागकर दोस्त शाहरुख के पास आकर घटना के बारे में बताया और घटना में प्रयुक्त चाकू एवं खून लगे हाथ दोस्त शाहरुख से धुलवाया और उक्त घटना दोनों ने किसी को नहीं बताने की बात की पुष्टी की। जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में उपयोग किये बटन वाला चाकू जप्त किया।
आरोपी अनेक अपराध में रहा संलिप्त
आरोपी रितिक उर्फ नितेश श्रीवास के विरूद्ध थाना कोतवाली जिला सिवनी में गांजे के 2 अपराध वर्ष 2021 में एवं थाना नैनपुर में 2 वर्ष 2018 गंभीर मारपीट एवं 302 के कुल 4 अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी रितिक उर्फ नितेश श्रीवास को 16 अगस्त की शाम को गिरफ्तार किया गया। घटना को छुपाने व साक्ष्य मिटाने के सह आरोपी शाहरुख खान पिता पीर खान उम्र 22 साल निवासी वार्ड नंबर 14 झाडूटोला नैनपुर को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा आरोपी शाहरुख के विरुद्ध पूर्व अपराधिक रिकार्ड लूट एवं डकैती की योजना एंव आम्र्स एक्ट के तहत बालाघाट में 01 अपराध वर्ष 2023 में पंजीबद्ध है एवं थाना नैनपुर में जुआ व सट्टा एव हत्या के 06 अपराध पंजीबद्ध है, कुल 8 अपराध पंजीबद्ध है। गिरफ्तारशुदा दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपियों को पकडऩे में इनकी रही विशेष भूमिका
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा द्वारा आरोपियों कि गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये ईनाम दिये जाने की घोषणा की गईं है। आरोपियों को पकडऩे में थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक निधि नेमा, रमेश इंगले, सहायक उपनिरीक्षक राजेश सेवईवार, प्रधान आरक्षक प्रशांत चौधरी, सुरेश ताराम, शेख समद, आरक्षक ओमप्रकाश बघेल, अक्षय़ भलावी, चालक आरक्षक रंजीत, महिला आरक्षक स्नेहलता की अहम भूमिका रहीं।
टीम को 25 हजार के ईनाम की उद्घोषणा
वर्ष 2021 में हुए सनसनीखेज मामले में थाना नैनपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा किया है। आरोपी की गिरफ्तारी एवं खुलासा के लिए पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन द्वारा 25 हजार रूपये के ईनाम की उद्घोषणा भी की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी व मामले के खुलासा में शामिल टीम के सभी सदस्यों को पुरूस्कृत करने की घोषणा भी पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा की गई है।












