- मंडला जिले को पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की सौगात
- रानी दुर्गावती महाविद्यालय मंडला बना पीएम ऑफ एक्सीलेंस
- विद्यार्थियों के लिए होगी बस सेवा प्रारंभ
- विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधाएं
- 14 जुुलाई को होगा शुभारंभ
- राज्य स्तरीय कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
मंडला महावीर न्यूज 29. आज 14 जुलाई रविवार को मप्र के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। देश के गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश में 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का एक साथ शुभारंभ करेंगे। एक्सीलेंस कॉलेजों की विशेषता यह है कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप इनमें सभी कोर्स उपलब्ध होंगे और ये कॉलेज सभी संसाधनों से युक्त होंगे। युवा पीढ़ी को इन कॉलेजों का लाभ मिल सकेगा। इस बड़ी सौगात में आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला का रानी दुर्गावती महाविद्यालय को पीएम ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा मिल गया है, जिससे अब महाविद्यालय में सुविधाएं बढ़ी जाएगी और जिले के विद्यार्थियों को नए कोर्स और पीजी कोर्स भी प्रारंभ हो जाएंगे। 14 जुलाई रविवार को मंडला में पीएम ऑफ एक्सीलेंस महाविद्यालय अतिथियों की मौजूदगी में शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन तैयारियों में जुटा है।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 570 शासकीय कॉलेज संचालित हैं। जिसमें 55 प्रधानमंत्री ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं, जिसमें मंडला जिला मुख्यालय के आरडी कॉलेज को पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज का दर्जा मिला है। यहां जिला मुख्यालय में पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज से जिले के विद्याथियों को सुविधाएं और बेहतर शिक्षा दी जाएगी। आज रविवार 14 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे वर्चुअल माध्यम से पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके वर्चुअली जुड़ेगी। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधि और जनभागीदारी के सदस्य मौजूद रहेंगे। यहां कार्यक्रम के दौरान विद्या वन में 100 पौधें रोपे जाएंगे। यहां विद्यार्थी पौधों की रक्षा का संकल्प भी लेंगे।
कम किराये में विद्यार्थियों को बस सेवा
पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज मंडला में विद्यार्थियों के लिए बस सेवा शुरू हो जाएगी। जनभागीदारी के माध्यम से किराए पर बस का अनुबंध किया गया है। विद्यार्थी से 30 रूपये महीना किराया लिया जाएगा। बस मंडला और महाराजपुर के विभिन्न रूट से गुजरेगी। महाराजपुर से सुबह 10 बजे चलेगी और 11.05 पर महाविद्यालय पहुंचेगी। बस सेवा शुरू होने से यहां विद्यार्थियों को कॉलेज जाने में समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। कम किराए में विद्यार्थी कॉलेज पहुंचेंगे।
कॉलेज का हुआ रंगरोगन
पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज में सुविधाएं विद्यार्थियों के लिए बढ़ जाएगी। यहां 4 करोड़ 43 लाख से निर्माण कार्य किये जाएंगे। सेमीनार हॉल बनेगा। अन्य निर्माण कार्य भी होंगे। इसके अलावा गत वर्ष से कॉलेज को विज्ञान संकाय के लिए प्रयोग शाला के लिए एक करोड़ रूपये के उपकरण मिल रहे है। इसके अलावा पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज प्रारंभ करने से पहले यहां कॉलेज में मेंटनेंस वर्क किया है, प्रसाधनों को दुरूस्त किया गया है और कॉलेज में रंगरोगन गेट का निर्माण किया गया है।
रोजगार मूलक कोर्स होंगे शुरू
पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज में बच्चों को शिक्षा के अवसर बढ़ रहे हैं। यहां भौतिक शास्त्र बायोटेक, कम्प्यूटर सांइस में पीजी की सुविधा होगी और बैकिंग एवं इंश्योरेंस बैङ्क्षकग जैसे रोजगार मूलक कोर्स भी शुरू होंगे। इसके अलावा यहां प्राध्यापकों की संख्या भी बढ़ेगी। 27 नये पद सृजन हो रहे हैं। जिसमें 18 प्राध्यापक होंगे। आईआईटी दिल्ली से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कोर्स में पंजीयन होंगे।
इनका कहना है
14 जुलाई को पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज का शुभारंभ अतिथियों की मौजूदगी में किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए बस सेवा, नए कोर्स और कॉलेज में निर्माण कार्य कराए जाएंगे। पीएम ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज में विद्यार्थियों को सुविधाएं और बेहतर शिक्षा मिलेगी।
डॉ बीके चौरसिया
प्राचार्य, आरडी कॉलेेज मंडला.
आरडी कॉलेज में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ आज
रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला का मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के महाविद्यालयों के साथ कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में उन्नयन किया गया है। इन महाविद्यालयों का शुभारंभ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय इन्दौर से आज 14 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। जिला स्तर का कार्यक्रम रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश सरकार की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके वर्चुअली शामिल होंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा सुना जाएगा। रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर मंडला को प्रधानमंत्री ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा प्राप्त होने से महाविद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा। कॉलेज में नवीन संकाय खोले जाने के साथ ही स्नातकोत्तर कक्षाएं भी प्रारंभ की जाएंगी तथा निर्माण कार्य भी कराएं जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों के लिए बस सेवा प्रारंभ की जाएगी।












