एंबुलेंस के इंतजार में जिंदगी से जूझती रही युवती

Advertisements

वनांचल मवई में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल

पागल कुत्ते के काटने से घायल युवती को नहीं मिला आवश्यक इंजेक्शन और एंबुलेंस

  • एंबुलेंस के इंतजार में जिंदगी से जूझती रही युवती
  • मवई अस्पताल में दवाओं के अभाव में मरीज को किया गया रेफर
  • प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. वनांचल क्षेत्र मवई में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का एक और गंभीर मामला सामने आया है। विकासखंड मवई के ग्राम रोघुट निवासी दूबा परस्ते की 20 वर्षीय पुत्री रीता परस्ते को एक पागल कुत्ते ने काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन किसी तरह मोटरसाइकिल के माध्यम से घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एंटी-रेबीज का टीका और ड्रेसिंग कर प्राथमिक उपचार किया।

बताया गया कि प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया। जब परिजनों ने रेफर करने का कारण पूछा, तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि संक्रमण रोकने वाला आवश्यक इंजेक्शन स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध नहीं है। इस लापरवाही ने ग्रामीण अंचल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एंबुलेंस के लिए करना पड़ा लंबा इंतजार 

मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई, अस्पताल में स्थानीय स्तर पर सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण मरीज को मंडला ले जाने में परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और पीडि़त परिवार से मुलाकात कर चिकित्सकों से चर्चा की। अंतत: खंड चिकित्सा अधिकारी के प्रयासों से एक समाजसेवी संस्था की एंबुलेंस की व्यवस्था कर युवती को जिला अस्पताल मंडला भिजवाया गया।

स्थायी एंबुलेंस और दवाओं की उपलब्धता की मांग 

इस घटना को लेकर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों में गहरा रोष व्याप्त है। प्रशासन से पुरजोर मांग की गई है कि वनांचल क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को गंभीरता से लेते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई में तत्काल स्थायी एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए और सभी जीवनरक्षक दवाओं व इंजेक्शनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।


Leave a Comment