बोर्ड परीक्षा और नामांकन के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली, अभिभावकों ने खोला मोर्चा

Advertisements

बोर्ड परीक्षा और नामांकन के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली, अभिभावकों ने खोला मोर्चा

सांदीपनि विद्यालय चाबी में फीस वसूली पर बवाल

  • 10वीं और 12वीं के छात्रों से निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक राशि वसूलने का आरोप
  • जनविश्वास शिविर में कलेक्टर तक पहुंची शिकायत
  • अभिभावकों ने सौंपे सबूत, जांच समिति बनाकर होगी कार्रवाई
  • 25 रुपये की जगह वसूले 1600, अंकों में हेरफेर का भी आरोप, सहायक आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड मोहगांव के ग्राम चाबी स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय इन दिनों सुर्खियों में है। विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और परीक्षा कार्यों में लगे शिक्षकों पर निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक राशि वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में आक्रोशित अभिभावकों ने विगत दिवस 13 नवंबर को दस्तावेजों सहित सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग मंडला से लिखित शिकायत की है और दोषियों पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत पत्र के अनुसार विद्यालय में लंबे समय से परीक्षा और नामांकन के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितताएं की जा रही हैं, जिसका संचालन मुख्य रूप से उच्च माध्यमिक शिक्षक बोर्ड परीक्षा प्रभारी दिलीप कुमार बघेल और कक्षा 10वीं के अतिथि शिक्षक मयंक प्रजापति द्वारा किया जा रहा है। आरोप है कि कक्षा 10वीं के लगभग 45 से अधिक और कक्षा 12वीं के लगभग 31 विद्यार्थियों से बोर्ड परीक्षा शुल्क के नाम पर 1600 रुपये प्रति विद्यार्थी वसूले गए हैं। जबकि एमपी बोर्ड की ऑनलाइन फीस भुगतान पावती में यह राशि मात्र 25 रुपये दर्शाई गई है। इसके अलावा सीबीएसई से एमपी बोर्ड में प्रवेश लेने वाले 5-6 विद्यार्थियों से 5600 रुपये वसूले गए, जबकि पोर्टल की पावती में मात्र 1750 रुपये ही दर्ज हैं।

शुल्क माफी वाले छात्रों से भी वसूली और अंकों में हेरफेर का आरोप 

शिकायत में यह भी बताया गया है कि विद्यालय में अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी वर्ग के कई ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें शासन की ओर से शुल्क माफी का प्रावधान है। इसके बावजूद इन पात्र विद्यार्थियों से 200 रुपये लिए गए। अभिभावकों ने स्थानीय परीक्षाओं में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। शिकायत में बताया गया कि पैसे लेकर अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को पोर्टल पर उत्तीर्ण दर्शाया गया है और प्रायोगिक परीक्षाओं में भी अंक बढ़ाने का प्रलोभन देकर अतिरिक्त राशि की मांग की जाती रही है। इसके साथ ही अतिथि शिक्षक मयंक प्रजापति पर आरोप है कि वे बोर्ड कार्य का बहाना बनाकर नियमित कक्षाएं नहीं लेते, जिससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

लिखित सबूतों के साथ की गई शिकायत, कलेक्टर से भी लगाई गुहार 

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी प्रभारी प्राचार्य की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से व्यवस्था चरमरा गई है। परेशान होकर विगत दिवस 13 नवंबर को विद्यार्थियों और पालकों ने शिकायत पत्र के साथ एमपी बोर्ड की फीस पावती, अतिरिक्त वसूली की रसीदें और प्रभावित विद्यार्थियों की नामवार सूची विभाग को सौंपी है। बताया गया कि विगत दिनों ग्राम चाबी में आयोजित जनविश्वास शिविर में भी स्कूली छात्र-छात्राओं ने सीधे कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर इन तमाम अनियमितताओं की शिकायत की थी।

इनका कहना है

जन विश्वास शिविर में कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप एक विशेष जांच समिति बनाकर पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से जांच कराई जाएगी। इस विषय पर पूर्व में भी जांच कराई जा चुकी है और अब नई विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर उचित वैधानिक और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अरुण शुक्ला, सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, मंडला


Leave a Comment