छोटी चोरियों के खुलासे पर मंडला पुलिस थपथपा रही अपनी पीठ

Advertisements

छोटी चोरियों के खुलासे पर मंडला पुलिस थपथपा रही अपनी पीठ

महाराजपुर में 35 लाख की दिनदहाड़े चोरी बनी पहेली

  • अपराधियों के बुलंद हौसले और पुलिस कार्यप्रणाली पर उठते सवाल
  • दो दर्जन चोरियों का खुलासा, पर बड़ी वारदातें अब भी अनसुलझी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में इन दिनों चोरों और अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जिले में चोरी के साथ-साथ सट्टा, जुंआ और अवैध शराब का कारोबार भी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस छोटी मोटी चोरियों का खुलासा कर अपनी पीठ थपथपा रही है, लेकिन महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की बड़ी चोरी का अब तक सुराग न मिलने से नागरिकों में रोष है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।बताया गया कि हाल ही में महाराजपुर थाना पुलिस ने ग्राम सूरजपुरा में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पांच आरोपी करन धुर्वे, विजय मरावी, मनोज धुर्वे, अरबेद उर्फ भूपेन्द्र धुर्वे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चांदी के जेवर, नगद रुपये और दो मोटरसाइकिलें जब्त की थी। पूछताछ में आरोपियों ने मंडला, निवास, मोहगांव, नैनपुर, जबलपुर के बरेला और डिंडोरी के मेहंदवानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब दो दर्जन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। अकेले मंडला जिले में 21 लाख 29 हजार 700 रुपये के मशरुका की चोरी कबूली गई है। पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है, लेकिन जनता के मन में अब भी बड़े सवाल बाकी हैं।

35 लाख की बड़ी चोरी अब भी पहेली 

पुलिस की इस कार्रवाई के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि महाराजपुर थाना क्षेत्र में मैरिज गार्डन के समीप तौफीक खान के घर हुई दिनदहाड़े की बड़ी चोरी का खुलासा कब होगा? परिवार की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अज्ञात चोर लगभग 20 तोला सोना, 10 से 15 तोला चांदी और नकदी सहित 35 लाख रुपये से अधिक का माल ले उड़े थे। इसके अलावा, इसी थाना क्षेत्र में कारी कौन के पास करीब 15 दिन पूर्व हुई बड़ी चोरी का भी अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। आम नागरिकों का कहना है कि जब पुलिस छोटी चोरियों और अन्य जिलों की वारदातों को सुलझा सकती है, तो लाखों की इस बड़ी चोरी के आरोपियों तक पहुंचने में देरी क्यों हो रही है? नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बड़ी चोरियों का खुलासा नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।


Leave a Comment