वैश्य महासम्मेलन की अनूठी पहल
मंडला में जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ पर पौधे लगाने का लिया संकल्प
- खुशी के हर अवसर को प्रकृति से जोडऩे का संदेश
- जयश्री कांसकार के जन्मदिन पर सदस्यों ने रोपा आम का पौधा
मंडला महावीर न्यूज 29. वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश की मंडला जिला इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष वृक्षारोपण एवं संगोष्ठी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह सकारात्मक संदेश दिया गया कि खुशी के हर अवसर को प्रकृति के साथ जुड़कर मनाना चाहिए।

खुशियों के मौके पर हरियाली का लिया संकल्प
संगोष्ठी के दौरान उपस्थित समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया कि भविष्य में सभी सदस्य अपने-अपने जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण करेंगे। चर्चा के दौरान सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि खुशी का हर अवसर एक पौधा लगाकर मनाया जाए, तो हम अपनी आने वाली पीढिय़ों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण सौंप सकेंगे।

आम का पौधा लगाकर दी गईं अग्रिम शुभकामनाएं
इसी नई और रचनात्मक पहल की शुरुआत करते हुए कार्यक्रम में आगामी होने वाले जयश्री कांसकार के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया जाएगा। सभी सदस्यों की उपस्थिति के बीच उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में अग्रिम एक आम का पौधा रोपा गया। इस दौरान उपस्थित जनों ने श्रीमती जयश्री कांसकार को अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की मंगल कामना की। इस पर्यावरण हितैषी आयोजन में वैश्य महासम्मेलन के सभी प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।










