बस लेट होने पर बच्चों के लिए बंद किए स्कूल के दरवाजे
मवई मॉडल स्कूल की व्यवस्थाएं हुईं बदहाल
- महीनों से नहीं हुई शौचालयों की सफाई, गंदगी में पढऩे को मजबूर छात्र
- पूर्णकालिक बीईओ का अभाव, अतिरिक्त प्रभार के भरोसे शिक्षा विभाग
मंडला महावीर न्यूज 29. वनांचल क्षेत्र मवई की शिक्षा व्यवस्था इन दिनों प्रशासनिक उदासीनता और घोर लापरवाही का शिकार है। एक ओर जहां पूरा विकासखंड शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर शासकीय मॉडल स्कूल मवई की बदहाल स्थिति विद्यार्थियों की परेशानियां बढ़ा रही है। करोड़ों की लागत से बना मॉडल स्कूल का भवन महज सात-आठ वर्षों में ही रखरखाव के अभाव में जर्जर और बदहाल नजर आने लगा है। यहां बुनियादी सुविधाओं के नाम पर सिर्फ गंदगी, अव्यवस्था और तानाशाही देखने को मिल रही है।
जानकारी अनुसार जिस विद्यालय को क्षेत्र के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र होना चाहिए, वहां महीनों से शौचालयों की सफाई तक नहीं हुई है। भवन के अंदर फैली गंदगी के कारण पूरा वातावरण दूषित हो रहा है। विशेष रूप से छात्राओं के लिए शौचालयों की यह बदतर स्थिति एक बड़ी चिंता का विषय है, जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और पढ़ाई पर गहरा असर पड़ सकता है। शासन द्वारा विद्यालयों में साफ-सफाई, मरम्मत और फर्नीचर के लिए अलग-अलग मदों में हर साल लाखों का फंड उपलब्ध कराया जाता है। इसके बावजूद विद्यालय की इतनी बदहाल स्थिति इस बात की ओर इशारा करती है कि प्राप्त राशि के उपयोग में भारी लापरवाही या अनियमितता बरती जा रही है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
बस लेट हुई तो स्कूल के दरवाजे पर जड़ दिया ताला
मंगलवार को विद्यालय प्रबंधन की संवेदनहीनता का एक और बड़ा मामला सामने आया। मवई से लगभग 35-40 किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्रों से कई विद्यार्थी प्रतिदिन यात्री वाहनों से किराया खर्च कर पढऩे आते हैं। मंगलवार को बस के देरी से पहुंचने के कारण जब ये ग्रामीण बच्चे सुबह लगभग 10.30 बजे स्कूल पहुंचे, तो प्रभारी प्राचार्य ने मुख्य द्वार पर ताला लगवा दिया। बच्चों को प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके कारण दूर-दराज से आए छात्र-छात्राओं को घंटों बाहर खड़े रहना पड़ा। स्थानीय लोगों का सवाल है कि परिवहन व्यवस्था में देरी की सजा इन बच्चों को क्यों दी गई? विद्यालय प्रबंधन का दायित्व बच्चों को शिक्षा से जोडऩा है, न कि समय की पाबंदी के नाम पर उन्हें प्रताडि़त करना।
विवादों में प्रभारी प्राचार्य की कार्यप्रणाली
मॉडल स्कूल मवई का प्रशासनिक कामकाज लंबे समय से विवादों में है। पूर्व प्राचार्य पर वित्तीय लेन-देन और ऑडिट आपत्तियों के चलते पहले ही विभागीय जांच चल रही है, जिसके बाद एक वरिष्ठ शिक्षक को प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है। लेकिन वर्तमान प्रभारी प्राचार्य की कार्यप्रणाली और व्यवहार से विद्यालय के अन्य शिक्षकों और आउटसोर्स कर्मचारियों में भारी असंतोष है। स्कूल की आंतरिक कलह और आए दिन अखबारों की सुर्खियां बनने वाली समस्याओं से यहां का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह चौपट हो चुका है।
पूर्णकालिक बीईओ नहीं, प्रभार के भरोसे पूरा विकासखंड
इस पूरी अव्यवस्था की एक बड़ी वजह मवई विकासखंड में पूर्णकालिक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का न होना भी है। वर्तमान में दूसरे ब्लॉक के अधिकारी को यहां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मवई जैसे बड़े और दूरस्थ आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में जहां स्कूलों की संख्या अधिक है और शिक्षकों की भारी कमी है, वहां अतिरिक्त प्रभार के कारण नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग पूरी तरह ठप है।
क्या कागजों तक सीमित रहेगी शिक्षा विभाग की कार्रवाई?
मवई के ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि अब शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को केवल कागजी समीक्षा छोड़कर जमीनी स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए। प्रशासन को मॉडल स्कूल मवई का तत्काल निरीक्षण कर शौचालयों की सफाई, भवन की स्थिति और बजट के उपयोग की सघन जांच करानी चाहिए। वनांचल के बच्चों को भी स्वच्छ वातावरण और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं पाने का पूरा अधिकार है, और जो मॉडल स्कूल नाम का मॉडल है, उसे व्यवस्थाओं में भी आदर्श बनना ही होगा।










