दीप और रंगोली से घर-घर हो रहा प्रभात फेरी का भव्य स्वागत

Advertisements

दीप और रंगोली से घर-घर हो रहा प्रभात फेरी का भव्य स्वागत

गुरुद्वारा साहिब में साप्ताहिक पाठ का भी हुआ शुभारंभ

  • गुरुनानक जयंती के उपलक्ष्य में गुरु के जयकारों से गुंजायमान हुई प्रभातफेरी
  • उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी श्री गुरुनानक जयंती के उपलक्ष्य में पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में समाज के महिला-पुरुषों और बच्चों द्वारा इन दिनों शहर में भव्य प्रभातफेरी निकाली जा रही है। प्रतिदिन प्रात: 5 बजे अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर यह फेरी शहर के मुख्य मार्गों और रहवासी क्षेत्रों से गुजर रही है, जिससे पूरा शहर गुरु के जयकारों और गुरबाणी से गुंजायमान हो गया है। श्री गुरुनानक देव जी की प्रतिमा के साथ अलग-अलग दिन निर्धारित मार्गों से गुजर रही इस प्रभातफेरी का सामाजिक जनों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है। श्रद्धालु अपने घरों के आंगन में रंगोली सजाकर, आकर्षक लाइटिंग, दीप जलाकर, आतिशबाजी और पुष्पमालाओं के साथ फेरी का सत्कार कर रहे हैं। स्वागत के साथ ही परिवारों द्वारा आराध्य देव श्री गुरुनानक देव जी की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है और भाई साहब हरनाम उदासी द्वारा घर-घर जाकर परिवारों की सुख-शांति व समृद्धि के लिए अरदास की जा रही है।

गुरुद्वारा साहिब में आरती व महाप्रसादी के साथ समापन 

प्रभातफेरी विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंचती है, जहां आरती, पूजा और सर्वजन की सुख-शांति की अरदास के साथ इसका समापन होता है। भक्तिभाव से ओतप्रोत इस आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। फेरी के समापन के पश्चात रोजाना सभी को महाप्रसादी का वितरण भी किया जा रहा है।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का साप्ताहिक पाठ शुरू 

प्रभातफेरी के उल्लास के बीच गोपाष्टमी के पावन अवसर पर स्थानीय श्री गुरुद्वारा साहिब में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के साप्ताहिक पाठ का भी आरंभ किया गया है। पंडित रानू नाथ शर्मा की उपस्थिति में शुरू हुए इस पाठ का सामाजिक जनों की सहभागिता से नियमित रूप से पाठन किया जाएगा।


Leave a Comment