घुघरी में भास्कर की गाय ने दिया सर्वाधिक दूध, मिला एक लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार

Advertisements

घुघरी में भास्कर द्विवेदी की गाय ने दिया सर्वाधिक दूध, मिला एक लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार

  • दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में 7 पशुपालकों ने लिया हिस्सा
  • धनेश्वर प्रसाद को 50 हजार और दुर्गेश को 25 हजार का सम्मान

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत घुघरी में एक विशेष दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के सात पशुपालकों ने अपनी-अपनी गायों के साथ बड़े उत्साह से भाग लिया। दो दिनों तक चली दूध की सघन माप के बाद 31 अक्टूबर को परिणाम घोषित कर विजेताओं को नकद राशि व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।पशु चिकित्सा विभाग की टीम की देखरेख में हुई इस प्रतियोगिता में भास्कर द्विवेदी की गाय ने सर्वाधिक दूध उत्पादन कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 1 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। इसी तरह धनेश्वर प्रसाद चौकसे की गाय दूसरे स्थान पर रही, जिन्हें 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं, दुर्गेश चौकसे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

30 अक्टूबर को शुरू हुई थी प्रतियोगिता 

प्रतियोगिता की शुरुआत 30 अक्टूबर को हुई थी। पहले दिन पशुपालन विभाग की टीम ने सुबह और शाम दोनों समय गायों का दूध निकालकर पूरी पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उत्पादन का मापन किया। 31 अक्टूबर को कुल उत्पादन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी 

पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामप्रकाश साहू, जिपं सदस्य व भाजपा जिला मंत्री कौशल्या मरावी, सांसद प्रतिनिधि दिव्येश तिवारी और नेतराम साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता पशुपालकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगी। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी संस्कार बावरिया, एसडीओपी पुलिस सौरभ तिवारी, संदीपनी विद्यालय प्राचार्य एमके चौधरी, कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय प्राचार्य दुलारी सैयाम, वरिष्ठ शिक्षक कमलेश द्विवेदी, जिला स्तर से डॉ. सरोज वरकड़े सहायक परियोजना अधिकारी, डॉ. ज्योति मरावी पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी घुघरी, डॉ. दीपिका वरकड़े, डॉ. पंकज भगत, डॉ. विशाल उद्दे, डॉ. दिपाली परते, एसएल पन्द्रों, वीरेंद्र नर्ते और पुष्पेंद्र झरिया सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।


 

Leave a Comment