मंडला में अब एक ही स्थान पर लगेंगी सभी लाइसेंसी पटाखा दुकानें

Advertisements

मंडला में अब एक ही स्थान पर लगेंगी सभी लाइसेंसी पटाखा दुकानें

बड़ी खैरी ग्राउंड में सजेगा आतिशबाजी का बाजार

  • प्रशासन और महिष्मति व्यापारी संघ के बीच बनी सहमति
  • अवैध बिक्री पर नकेल कसने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड करेगा कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में आतिशबाजी की बिक्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और महिष्मति पटाखा व्यापारी संघ के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति बन गई है। दिन भर चली बैठकों और विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि अब मंडला नगर के सभी अस्थायी एवं थोक लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेता अपनी दुकानें एक ही स्थान— ‘बड़ी खैरी ग्राउंड’ में लगाएंगे। व्यापारी संघ ने प्रशासन के इस सुरक्षात्मक निर्णय का पूर्ण समर्थन किया है।

इन क्षेत्रों के विक्रेता भी होंगे शामिल

जानकारी अनुसार महिष्मति पटाखा व्यापारी संघ द्वारा कलेक्टर और एसडीएम के साथ विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सुरक्षा मानकों और सुव्यवस्थित यातायात को ध्यान में रखते हुए तय किया गया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगने वाली दुकानें अब एक ही मैदान में लगेंगी। इस नई व्यवस्था के तहत शीतला मंदिर जेल ग्राउंड, बिंझिया, पुरवा क्षेत्र और बिनेका तिराहा पर लगने वाली सभी पटाखा दुकानें भी अब बड़ी खैरी ग्राउंड में ही संचालित होंगी।

कल से डलेगा लेआउट, शुरू होगा दुकानों का काम

प्रशासन और संघ के बीच बनी इस आम सहमति के बाद, कल से बड़ी खैरी ग्राउंड में दुकानों का लेआउट (सीमांकन) डालने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लेआउट तय होते ही व्यापारी अपनी दुकानें लगाने का कार्य प्रारंभ कर देंगे। महिष्मति पटाखा व्यापारी संघ ने नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए सभी व्यापारियों को तय स्थान पर ही दुकान लगाने के लिए राजी कर लिया है।

अवैध बिक्री हुई तो होगी जब्ती की कार्रवाई

पटाखा दुकानों को एक स्थान पर केंद्रित करने के साथ ही प्रशासन ने अवैध आतिशबाजी बिक्री पर भी सख्त रुख अपनाया है। शहर में पटाखों की अवैध बिक्री पर पैनी निगरानी रखने के लिए प्रशासन द्वारा एक विशेष ‘फ्लाइंग स्क्वॉड’ टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम पूरे नगर का सघन निरीक्षण करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित स्थल (बड़ी खैरी ग्राउंड) के अलावा शहर में कहीं भी अवैध रूप से पटाखे बिकते पाए गए, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करते हुए संपूर्ण सामग्री जब्त कर ली जाएगी।

प्रशासन और व्यापारी संघ के इस संयुक्त निर्णय से जहां एक ओर शहर में आतिशबाजी का बाजार व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेगा, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और यातायात व्यवस्था भी बाधित नहीं होगी।


Leave a Comment