एरियर बिलों में अब नहीं लगेगी बार-बार आपत्ति

Advertisements

एरियर बिलों में अब नहीं लगेगी बार-बार आपत्ति

कलेक्टर के निर्देश पर कोषालय ने जारी की अनिवार्य दस्तावेजों की सूची

  • अपाक्स की पहल लाई रंग
  • शिक्षकों के रुके भुगतान में आएगी तेजी
  • संगठन ने त्वरित निर्णय के लिए कलेक्टर का जताया आभार

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले में शिक्षकों के लंबित एरियर बिलों के भुगतान को लेकर अब तक आ रही बाधाओं का समाधान होता नजर आ रहा है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के कड़े निर्देश और हस्तक्षेप के बाद, जिला कोषालय (ट्रेजरी) ने एरियर बिलों (देयकों) के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की एक स्पष्ट सूची जारी कर दी है। इस आदेश के बाद अब आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को बार-बार बिल वापस होने और आपत्तियों का सामना नहीं करना पड़ेगा, जिससे शिक्षकों के रुके हुए भुगतान में तेजी आएगी।

अपाक्स ने उठाया था आपत्तियों का मुद्दा

मध्यप्रदेश अपाक्स (अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक अधिकारी/कर्मचारी संगठन) जिला शाखा मंडला लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही थी। अपाक्स के जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने बताया कि संगठन द्वारा पहले परामर्शदात्री समिति की बैठक में यह मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद 6 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर को बाकायदा ज्ञापन सौंपकर शिकायत की गई थी कि एरियर बिलों में बार-बार आपत्ति लगाकर डीडीओ को परेशान किया जा रहा है।

कोषालय अधिकारी ने जारी किए कड़े निर्देश

अपाक्स की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने कोषालय अधिकारी को आवश्यक पत्रकों की स्पष्ट सूची जारी करने के निर्देश दिए थे। इसी के परिपालन में कार्यालय कलेक्टर (कोषालय) द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि डीडीओ स्तर से प्राप्त बिलों में दस्तावेज अधूरे होते हैं और त्रुटियां पाई जाती हैं, जिससे भुगतान में विलंब होता है।

कोषालयीन सॉफ्टवेयर पर बिल जनरेट करते समय अब ये 4 दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा

  • सक्षम अधिकारी का स्वीकृति आदेश (जिसमें पूर्ण लेखा शीर्ष, प्राप्तकर्ता का नाम, राशि, बैंक खाता, एरियर का प्रकार व अवधि स्पष्ट हो)।
  • एरियर गणना पत्रक (कैलकुलेशन शीट)।
  • 1 जनवरी 2006 से पूर्व के देयकों के साथ ‘अनाहरण प्रमाण पत्र’ (पूर्व में भुगतान न होने का प्रमाण)।
  • समयमान/क्रमोन्नति एरियर के मामलों में संभागीय संयुक्त संचालक (कोष एवं लेखा, जबलपुर) के वेतन निर्धारण अनुमोदन की प्रति।

अपाक्स और संयुक्त मोर्चा ने जताया कलेक्टर का आभार

इस आदेश के जारी होने पर अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी, संयुक्त मोर्चा के ब्लॉक संयोजक इंद्रेश तिवारी, अमरसिंह चंदेला और मनीष कटकवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी पदाधिकारियों ने शिक्षकों के हित में इस त्वरित और स्पष्ट निर्णय के लिए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे का हृदय से आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया है। संगठन का मानना है कि अब डीडीओ द्वारा पूर्ण प्रपत्रों के साथ देयक प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे आपत्तियों की स्थिति स्वतः ही समाप्त हो जाएगी।


Leave a Comment