मंडला में जिला कुर्मी विकास संगठन ने निकाली विशाल वाहन रैली
सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
- बिंझिया से शुरू हुई वाहन रैली में उमड़ी समाज की भीड़
- कैबिनेट मंत्री और सांसद सहित कई दिग्गज रहे मौजूद
मंडला महावीर न्यूज 29. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला कुर्मी विकास संगठन मंडला के तत्वावधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बिंझिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा माता उमिया एवं सरदार पटेल जी की आरती उतारकर विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में गाँव-गाँव से पहुंचे कुर्मी समाज के बुजुर्गों, युवाओं और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान देश और प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। माननीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, मप्र शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तियां उइके, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री यादव, किसान संगठन के प्रदेश महामंत्री, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने बिंझिया पहुंचकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया।
शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी विशाल वाहन रैली
माल्यार्पण और आरती के पश्चात बिंझिया से एक विशाल वाहन रैली का शुभारंभ किया गया। यह वाहन रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे बस स्टैंड, चिलमन चौक, पांडव, इलाही चौक, कोष्टा मोहल्ला, उदय चौक, रेडक्रास, बैगा-बैगी चौक और नेहरू स्मारक से होते हुए वापस बिंझिया पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान पूरे मार्ग में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
रैली के समापन पर समाज के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ जनों द्वारा महामहिम राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री तथा स्थानीय समस्याओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं को लेकर एक ज्ञापन तैयार किया गया, जिसे मंडला तहसीलदार के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन के जरिए स्थानीय और क्षेत्रीय विकास और विभिन्न मांगों को प्रशासनिक स्तर पर जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया।









