मंडला में राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन
- कैबिनेट मंत्री संपतिया और सांसद फग्गन सिंह ने दिखाई हरी झंडी
- पुलिस लाइन से शुरू हुई एकता दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सीआरपीएफ जवानों और विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
मंडला महावीर न्यूज 29. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला पुलिस मंडला एवं जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन मंडला में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा देश के निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान का स्मरण करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तियां उइके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी रैली को रवाना करके किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीएम मंडला शैलेन्द्र चौधरी, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, सीआरपीएफ के जवान, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी एकता दौड़
रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला से हुआ। यह रैली बिंझिया, लालीपुर, बैगा-बैगी चौक और नेहरू स्मारक से होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। दौड़ के दौरान शहरभर में उत्साह का माहौल रहा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सुरक्षा बलों के जवानों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और देश की अखंडता का संदेश दिया।

राष्ट्र की एकता और सुरक्षा की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तियां उइके ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता को अक्षुण्ण रखने तथा राष्ट्रीय हितों के प्रति अपनी निष्ठा का संकल्प लिया। इस दौरान अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके दूरदर्शी नेतृत्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।









