रवि पुष्य नक्षत्र पर गुलजार होगा बाजार, करोड़ों के कारोबार की उम्मीद

Advertisements

दीवाली से पहले रवि पुष्य नक्षत्र का महासंयोग

मंडला के बाजारों में मनेगा खरीदारी का उत्सव, धनवर्षा को तैयार व्यापारी

  • सोना, चांदी और वाहन खरीदी का आज सबसे शुभ मुहूर्त
  • रवि पुष्य नक्षत्र पर गुलजार होगा बाजार, करोड़ों के कारोबार की उम्मीद

मंडला महावीर न्यूज 29.  दीपावली का पावन पर्व नजदीक आते ही मंडला जिले के बाजारों में रौनक और उत्साह का माहौल छा गया है। इस वर्ष दीवाली से ठीक पहले रवि पुष्य नक्षत्र का दुर्लभ और मंगलकारी महासंयोग बन रहा है। ज्योतिष और धर्म शास्त्रों में किसी भी नई वस्तु की खरीदारी, निवेश और शुभ कार्यों के लिए इस नक्षत्र को सबसे फलदायी और अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस शुभ संयोग के चलते जिले के सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और रियल एस्टेट बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गए हैं। व्यापारियों को पूरी उम्मीद है कि 01 नबंवर को इस महामुहूर्त पर बाजार में जमकर धन बरसेगा और रिकॉर्ड कारोबार दर्ज किया जाएगा।

बाजारों में हफ्तों पहले से थी तैयारी 

मंडला नगर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र विशेषकर उदय चौक, चिलमन चौक, सराफा बाजार, बस स्टैंड के आसपास स्थित ऑटोमोबाइल शो रूम समेत अन्य प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमडऩे की उम्मीद है। व्यापारियों ने इस विशेष दिन के लिए हफ्तों पहले से अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सराफा दुकानों में जहां ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक आभूषणों और सिक्कों का नया स्टॉक मंगाया गया है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूम में भी एडवांस बुकिंग का दौर जोरों पर है। ग्राहकों की सुविधा के लिए दुकानों को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है और कई तरह के त्योहारी ऑफर भी दिए जा रहे हैं।

स्थायी समृद्धि लाता है रवि पुष्य योग 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र पड़ता है, तो उसे रवि पुष्य योग कहा जाता है। यह योग सोना, चांदी, भूमि, भवन, बहीखाते और नए वाहनों की खरीदी के लिए अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि इस दिन खरीदा गया सामान लंबे समय तक टिकता है, उसमें बरकत होती है और घर में सुख-शांति व मां लक्ष्मी का स्थायी वास होता है। इसी अटूट आस्था के चलते मंडला जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों ही अंचलों से लोग आज के दिन बड़ी खरीदारी करने जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। व्यापारिक दृष्टिकोण से इस एक दिन में जिले भर में कई करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी भारी बल मिलेगा।

इनका कहना है

सभी 27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र को नक्षत्रों का राजा कहा जाता है। रविवार के दिन इसके पडऩे से यह रवि पुष्य योग बन जाता है जो अत्यधिक मंगलकारी है। इस मुहूर्त में सोना, चांदी, प्रापर्टी या कोई भी स्थायी संपत्ति खरीदना घर में अक्षय धन और सुख-समृद्धि लेकर आता है। आज की गई खरीदारी का क्षय नहीं होता।


पंडित नीलू महाराज, वरदान आश्रम, अंजनिया

रवि पुष्य नक्षत्र को लेकर हमने अपनी दुकानों में पूरी तैयारी कर ली है। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए लाइटवेट ज्वेलरी से लेकर पारंपरिक एंटीक आभूषणों की नई वैरायटी डिस्प्ले की गई है। दीवाली से पहले बने इस शुभ मुहूर्त से सराफा बाजार में शानदार ग्राहकी और अच्छे कारोबार की पूरी उम्मीद है।


प्रसन्न सराफ, सराफा व्यापारी, मंडला

ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस मुहूर्त का ग्राहकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। हमारे पास पिछले 15 दिनों से दोपहिया वाहनों की दर्जनों एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। आज के दिन हमारा मुख्य फोकस सिर्फ डिलीवरी देने पर रहेगा। बाजार में बहुत ही सकारात्मक और उत्साहजनक माहौल है।


संजय तिवारी, ऑटोमोबाइल डीलर, मंडला

हम दीवाली की बड़ी खरीदारी के लिए रवि पुष्य नक्षत्र का ही विशेष रूप से इंतजार कर रहे थे। आज के दिन नई स्कूटी की डिलीवरी लेने का शुभ मुहूर्त निकाला है। साथ ही शगुन के तौर पर धनतेरस की पूजा के लिए चांदी का सिक्का भी खरीदेंगे, क्योंकि बड़े-बुजुर्ग कहते हैं कि आज की खरीदी बहुत शुभ और फलदायी होती है।


ममता परमार, स्थानीय ग्राहक


Leave a Comment