अपने लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए-पंडित अनुज कृष्णम
- पिपरिया की भागवत कथा में भक्त प्रहलाद का चरित्र बखान
- नशामुक्ति का दिया संदेश, आज मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास के ग्राम पिपरिया में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। कथा के तीसरे दिन कथा व्यास पंडित अनुज कृष्णम महाराज ने परम भक्त प्रहलाद के आदर्श और प्रतिष्ठित जीवन चरित्र का भावपूर्ण बखान किया। पंडित अनुज कृष्णम ने बताया कि भक्त प्रहलाद ने अपने जीवन में भगवान की भक्ति और सेवा को सर्वोपरि रखा। उन्होंने श्रद्धालुओं को शिक्षा दी कि भगवान की भक्ति से कभी निराशा नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें हमेशा उनकी शरण में लीन रहना चाहिए।
कथा व्यास ने कहा कि भक्त प्रहलाद की कहानी हमें यह सिखाती है कि जीवन में हमें कभी हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा, हमें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए और भगवान की कृपा पर विश्वास रखना चाहिए। इस अवसर पर कथा स्थल में भगवान नरसिंह द्वारा हिरण्याकश्यप वध की मनमोहक झांकी का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे सभी श्रद्धालुओं ने सराहा।
महाराज श्री ने मंच से सामाजिक सरोकार का संदेश देते हुए नशामुक्ति पर भी अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के कारण कई घरों और परिवारों में क्लेश हो रहे हैं, और नशे की हालत में वाहन चलाने वाले दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, नशा बिल्कुल भी न करें। अगर नशा करना है, तो भगवान श्री कृष्ण की भक्ति का नशा कीजिए, जिससे आपकी कृपा बनेगी, बिगड़े काम भी बन जाएंगे और घर परिवार में शांति बनी रहेगी।
16 वर्ष की आयु से कर रहे कथा वाचन
पंडित अनुज कृष्णम महाराज ने बताया कि उन्होंने श्री वृंदावन धाम में 8 वर्ष की आयु से अध्ययन शुरू किया और 16 वर्ष की आयु से कथा वाचन प्रारंभ कर दिया था। वर्तमान में उनकी आयु 25 वर्ष है और वह अब तक भारत के विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक बार श्रीमद् भागवत कथा का वाचन कर चुके हैं।
धूमधाम से मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
राय परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में यज्ञाचार्य महंत ताराचंद शास्त्री ने भक्तों को आदिशक्ति के विशेष आशीर्वाद के लिए सहस्त्रार्चन करने की विधि बताई और भगवती के हजार नामों से उनका विशेष पूजन कराया। प्रतिदिन कथा पंडाल पर प्रात:कालीन शिवलिंग निर्माण के साथ रुद्राभिषेक किया जा रहा है, जिसमें पुरोहितों अंकित पांडे, गोविंद पांडे, जयेस दुबे, जीतेश दुबे, हर्षित तिवारी, अंकू पांडे, शीलेंद्र दुबे का सहयोग मिल रहा है। वृंदावन से आए झाँकी कलाकार गोपाल शर्मा प्रतिदिन मनमोहक झाँकी प्रस्तुत कर रहे हैं।
कथा सुनने पहुंचे विधायक और जनप्रतिनिधि
कथा श्रवण करने के लिए निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े, निवास जनपद पंचायत की अध्यक्ष मंजू रानी कुलस्ते, भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश पांडे, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सौरभ धर द्विवेदी, और भाजपा मंडल महामंत्री स्वरूप सिंह मरावी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि पहुँचे और पंडित अनुज कृष्णम महाराज का आशीर्वाद लिया। महाराज जी ने बताया कि बुधवार को प्रात: 8 बजे पंडाल पर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही आज कथा के दौरान भगवान श्री कृष्ण जन्म उत्सव बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
⇓
भक्तिमय हुआ पिपरिया, उमड़ा जनसैलाब – Mahaveer News 29
⇓
भक्ति की कोई आयु नहीं, धु्रव चरित्र बखान से गूंजा पिपरिया – Mahaveer News 29
⇓









