भक्ति की कोई आयु नहीं, धु्रव चरित्र बखान से गूंजा पिपरिया
- व्यास जी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, उमड़ी भक्तों की भीड़
- निवास पिपरिया में श्रीमद् भागवत कथा का संगीतमय वाचन
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास के समीप ग्राम पिपरिया में डॉ. एसआर राय की स्मृति में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में ज्ञान की गंगा बह रही है। कथा के दूसरे दिन कथा व्यास पं. अनुज कृष्णम महाराज ने धु्रव चरित्र का मार्मिक वर्णन किया, जिसे सुनने के लिए पिपरिया और आस-पास के ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कथा व्यास पं. अनुज कृष्णम महाराज ने धु्रव को एक आदर्श और प्रतिष्ठित चरित्र बताते हुए कहा कि धु्रव ने अपने जीवन में भगवान की भक्ति और सेवा को सर्वोपरि माना।
उन्होंने पिता के अपमान को सहकर भगवान की शरण ली, जिससे प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें दर्शन दिया और एक महान राजा बनाया। महाराज श्री न बताया कि छोटी सी उम्र में धु्रव ने भगवान के दर्शन प्राप्त किए थे, इसलिए भक्ति की कोई उम्र नहीं होती है। हमें बचपन से ही भगवान की भक्ति करनी चाहिए। उन्होंने धु्रव की कहानी से यह संदेश दिया कि भगवान की भक्ति और सेवा से हमें कभी निराश नहीं होना चाहिए और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
धार्मिक मंच से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में न केवल धार्मिक ज्ञान का वर्णन किया जा रहा है, बल्कि कथा व्यास द्वारा पर्यावरण के महत्व और संरक्षण के बारे में भी जागरूक संदेश दिया। महाराज श्री ने बताया कि पेड़-पौधों का हमारे धर्म में विशेष महत्व है। उन्होंने हर सनातनी को अपने-अपने घरों में तुलसी का पौधा अनिवार्य रूप से लगाने की प्रेरणा दी, जिससे न केवल पुण्यफल की प्राप्ति हो, अपितु स्वच्छ प्राण वायु मिले और नकारात्मक प्रभावों से भी मुक्ति मिले। उन्होंने तुलसी के साथ-साथ पीपल, बेलपत्र, बरगद, केला, शमी आदि वृक्षों के पूजन और संरक्षण की प्रेरणा को धर्म ग्रंथों से जोड़कर बताया। महाराज श्री ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले लोग जंगल में जाकर एकाग्रता से बड़े-बड़े तप और साधना करते थे, लेकिन आज जंगल ही नहीं बच पा रहे हैं, जिसे कुछ लोगों द्वारा नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने पर्यावरण को बचाने के लिए इस धार्मिक ज्ञान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
⇓
भक्तिमय हुआ पिपरिया, उमड़ा जनसैलाब – Mahaveer News 29









