ओवरलोड मैक्स गाड़ी से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, नारायणगंज क्षेत्र में हादसा

ओवरलोड मैक्स गाड़ी से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, नारायणगंज क्षेत्र में हादसा

  • टिकरिया पुलिस पर लापरवाही का आरोप
  • ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई न होने से गई जान

मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील नारायणगंज थाना टिकरिया क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार शाम लगभग पांच बजे एक हृदय विदारक सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। बताया गया कि हादसा नारायणगंज से ग्राम पंचायत खमरिया किकरामाल की ओर जाने वाले मार्ग में हुआ। जहां मैक्स वाहन क्रमांक एमपी 20 टी 4551 में क्षमता से अधिक सवारियां खचाखच भरी हुई थीं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन में अत्यधिक भीड़ थी और करीब 10 से 12 लोग गाड़ी के दरवाजों और किनारों पर लटके हुए थे। इसी दौरान बाहर लटका एक युवक अचानक चलती गाड़ी से अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर जा गिरा। गिरने के कारण युवक को सिर और अन्य जगह गंभीर चोटें आईं और उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद शव का पीएम कराया गया और मामला दर्ज कर पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप 

हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीणों ने टिकरिया पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इतने दर्दनाक हादसे के बावजूद संबंधित ओवरलोड वाहन को अब तक पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में नहीं लिया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि टिकरिया थाना क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है, जिसके कारण ऐसे वाहन बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की इस निष्क्रियता को ही इस दुखद मौत का कारण बताया है।

प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग 

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल ओवरलोडिंग पर प्रभावी और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने टिकरिया पुलिस की लापरवाही की जांच कर दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


 

Leave a Comment