32 वर्षों से गांव का माहौल खराब कर रही महिला

32 वर्षों से गांव का माहौल खराब कर रही महिला

  • ग्रामीणों ने परेशान होकर पुलिस और कलेक्टर से की तत्काल कार्रवाई की मांग
  • आसामाजिक तत्वों से बिगड़ा गांव का माहौल

मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी विकासखंड अंतर्गत ग्राम समनापुर में एक महिला के असामाजिक आचरण से परेशान होकर पूरे गांव ने एकजुटता दिखाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम के पंचगणों और ग्रामीणों ने थाना बीजाडांडी प्रभारी को लिखित शिकायत करते हुए महिला के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि ग्राम समनापुर निवासी झनकरानी उर्फ गुड्डी पति प्रेम तेकाम पर ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह विगत 32 वर्षों से अपने व्यवहार के कारण गांव का माहौल खराब कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला शराब पीकर हंगामा करती है और असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर गांव की शांति भंग कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी तमाम कोशिशों के बावजूद महिला के आचरण में कोई सुधार नहीं आया है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला के इस व्यवहार से पूरा गांव परेशान हो गया है, क्योंकि यह न केवल गांव के वातावरण को दूषित हो रहा है, बल्कि खासकर युवा पीढ़ी पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

पंचों की समझाइश हुई विफल 

शिकायत में बताया गया है कि 32 वर्षों के दौरान गांव के पंचों द्वारा महिला को कई बार सामूहिक रूप से समझाया गया और उसके आचरण को सुधारने के लिए चेतावनी भी दी गई, लेकिन महिला मानने को तैयार नहीं हुई। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने पंचों को भी अपशब्द कहे। ग्रामीणों ने बताया कि महिला के ससुर स्वामी लाल तेेकाम को भी समाज के द्वारा कई बार कहा गया कि वह अपनी बहू के आचरण में सुधार लाएं, लेकिन महिला के इस जिद्दी और नकारात्मक व्यवहार के कारण पूरा परिवार सहमत है कि समाज उसका विरोध करे।

महिला का ग्राम से बहिष्कार की मांग 

ग्रामीणों ने अपनी परेशानी से लिखित में थाना प्रभारी बीजाडांडी को अवगत कराया है और इस आवेदन को कलेक्टर और मंडला पुलिस अधीक्षक को भी भेजा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस गंभीर सामाजिक समस्या का तत्काल समाधान करने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है। परेशान ग्रामीण अब इस महिला का ग्राम से बहिष्कार करने की बात भी कह रहे हैं, जिससे गांव में शांति बनी रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा है कि वे अपनी सभ्यता और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे।

इनका कहना है

ग्राम में वर्षो से निवासरत एक महिला झनकरानी का क्रियाकलाप ठीक नहीं है, जिसके कारण गांव का माहौल ओर समाज में गलत प्रभाव पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए थाना बीजाडांडी में शिकायत लेकर पहुंचे है।


धनीराम बरकड़े, पूर्व सरपंच, समनापुर

ग्राम समनापुर के महिला, पुरूष एक महिला के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे है। ग्रामीणों के अनुसार महिला द्वारा गांव का माहौल खराब किया जा रहा है, शिकायत मिली है, गांव जाकर वस्तुस्थिति समझकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रदीप कुमार पांडे
थाना प्रभारी, बीजाडांडी



 

Leave a Comment