रात में गायों को रेडियम कॉलर पहनाकर दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास
- गौवंश की सुरक्षा के लिए युवाओं की सराहनीय पहल
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर की सड़कों पर आवारा घूमने वाले गौवंश के कारण हो रही लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए कुछ युवाओं ने एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। ये युवा रात के समय सड़कों पर घूम-घूमकर गौवंश के गले में रेडियम कॉलर पहना रहे हैं, जिससे रात के अंधेरे में वाहन चालकों को दूर से ही ये पशु दिखाई दे सकें और किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके।
जानकारी अनुसार यह विशेष रेडियम कॉलर गाडिय़ों की हेडलाइट पडऩे पर चमकता है, जिससे चालक को तुरंत सड़क पर मौजूद पशु का पता चल जाता है और वे अपनी गाड़ी की गति को नियंत्रित कर लेते हैं। यह कदम न केवल गौवंश की जान बचा रहा है, बल्कि आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर रहा है।
बताया गया कि पिछले कुछ समय से मंडला नगर पालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है। मुख्य मार्गों और चौराहों पर इन पशुओं का जमावड़ा आम बात हो गई है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार आपस में लडऩे वाले इन पशुओं के कारण लोग घायल भी हो चुके हैं। इन गंभीर समस्याओं के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
बताया गया कि निराश्रित मवेशियों की इस समस्या के समाधान के लिए शहर के युवा विश्वराज जैसवाल, अरविंद हुंका, सुजल सोनवानी और अन्सर हुसैन ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए यह नेक कार्य शुरू किया है। उनकी यह पहल नागरिकों के बीच काफी सराही जा रही है और उम्मीद जगा रही है। स्थानीय नागरिक इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अगर नगर पालिका और अन्य विभाग भी इन युवाओं का सहयोग करें और इस तरह के प्रयास को बड़े पैमाने पर लागू करें, तो शहर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।











