मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

  • नैनपुर पुलिस ने 6 वारदातों का किया खुलासा
  • आरोपी गिरफ्तार, फरार साथी की तालाश जारी
  • दो लाख 30 हजार रुपये का सामान बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर पुलिस ने पिछले एक महीने से मंदिरों में हो रही चोरियों का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 2 लाख 30 हजार रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान रामकृपाल उर्फ बहुआ पटेल निवासी सर्रई, जिला सिवनी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना नैनपुर क्षेत्र के बड़ी खैरमाई माता मंदिर, श्रीराम मंदिर और कान्हा धाम मंदिर में चोरी की शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी मनीष राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी रामकृपाल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने नैनपुर के मंदिरों के अलावा सिवनी जिले के घूरवाड़ा, धूमा और आदेगांव में भी अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरियां करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 9 चांदी के मुकुट, 1 चांदी का छत्र, 1 सोने का लॉकेट, 2 चांदी की पत्ती, 1 शंख और ताला तोडऩे वाले औजार समेत चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसके फरार साथी की तलाश जारी है।

इस चोरी के खुलासे में थाना प्रभारी नैनपुर बलदेव सिंह मुजाल्दा, उपनिरीक्षक राजकुमार हिरकने, उनि विनोद साव, केके विश्वकर्मा, उनि जैनेन्द्र उपराडे सउनि मनोरंजन सिंह नगपुरे, आरक्षक अक्षय भलावी, आरक्षक कंकुल नगपुरे, आरक्षक रंजीत मरठे, आर महेंद्र परते, सुंदर तेकाम, महिला आरक्षक संगीता तेकाम थाना धूमा जिला सिवनी निरीक्षक डोमनसिंह मरावी उनि सौरभ शर्मा आरक्षक अरूण पटेल, आरक्षक रवि यादव की भूमिका रहीं।


 

Leave a Comment