मंडला में गूंजा स्वदेशी का जयघोष
- विदेशी भगाओ, स्वदेशी अपनाओ
- जनजागरण यात्रा में उमड़े लोग
- विदेशी कंपनियों के संकेतिक पुतले का दहन
मंडला महावीर न्यूज 29. देश भर में चल रहे स्वदेशी जागरण अभियान के तहत मंडला शहर में भी स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ जनजागरण यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य विदेशी कंपनियों का बहिष्कार कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना था। यात्रा की शुरुआत जिला मुख्यालय के दुर्गा मंदिर लालीपुर चौराहा से हुई। यहां हुई नुक्कड़ सभा में विनायक तांबे ने स्वदेशी की आवश्यकता पर विस्तार से विचार रखे। इसके बाद स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत पूर्णकालिक मनोहर लाल पथरोल ने जय जय स्वदेशी के जयघोष के साथ यात्रा का श्रीगणेश किया।
बताया गया कि यह जन जागरण यात्रा लालीपुर से बस स्टैंड होते हुए चिलमन चौक पहुंची। यहां पर कार्यकर्ताओं ने विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो का नारा लगाते हुए विदेशी कंपनियों के एक सांकेतिक पुतले का दहन किया, जो इस बात का प्रतीक था कि अब विदेशी उत्पादों का बहिष्कार किया जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्र सेविका समिति, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ग्राहक पंचायत, लघु उद्योग भारती, सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य, विद्या भारती, धर्म जागरण मंच और शहर के आम नागरिक व व्यापारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक रितेश ताम्रकार ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में जिला सह-संयोजक डॉ. रेखा चौरसिया, विनीत परिहार और विचार प्रमुख अनुपम दुबे का विशेष योगदान रहा। इस जन जागरण यात्रा से मंडला में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए एकजुट हो रहे हैं।









