नेशनल हाईवे 30 में ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, दो की मौत
- मंडला, बिछिया मार्ग में औरई के पास भीषण सड़क हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला बिछिया नेशनल हाईवे 30 में सोमवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसा बिछिया थाना क्षेत्र के औरई तालाब हनुमन ढाबा के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी भीष्म तिवारी तुरंत अपने दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बाइक सवार बिछिया से मंडला की ओर जा रहे थे, इसी दौरान यह सड़क हादसा हो हुआ। मृतकों में से एक की पहचान लखनादौन जिला सिवनी निवासी सुमन सिंह पटेल के रूप में हुई है। वहीं दूसरा मृतक भगवा रंग के कपड़े पहने हुए था और साधु की वेशभूषा में था, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लखनादौन थाने के जरिए सुमन सिंह पटेल के परिवार को सूचित कर दिया है।
बताया गया कि सड़क हादसा होते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस के पायलट लेखराम यादव और ईएमटी आनंद मार्को मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस कर्मियों ने दोनों शवों को बिछिया अस्पताल पहुंचाया। बिछिया पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।









