सर्पदंश से हुई मौत पर आईपीपीबी ने दिलाया 5 लाख का बीमा क्लेम
- ग्रामीण परिवार के लिए बना सहारा, आईपीपीबी और नीवा बूपा ने पेश की मिसाल
मंडला महावीर न्यूज 29. वित्तीय समावेशन और बीमा सुरक्षा की अहमियत को रेखांकित करते हुए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने एक सराहनीय पहल की है। मंडला जिले के वनग्राम डुंगरिया, सागर, पोस्ट कुकसर निवासी स्व. झनकलाल धुर्वे के परिवार को सर्पदंश से हुई मृत्यु पर पांच लाख रुपए का दुर्घटना बीमा क्लेम प्रदान किया गया।
बताया गया कि झनकलाल धुर्वे ने अपने जीवनकाल में कुकसर डाकघर से नीवा बूपा की 355 रूपए वार्षिक प्रीमियम वाली दुर्घटना बीमा पॉलिसी ली थी। इस योजना के अंतर्गत उनके नॉमिनी प्रेमलता धुर्वे को पांच लाख रुपए की बीमा राशि प्राप्त हुई। इस दुखत घड़ी में यह बीमा योजना ग्रामीण परिवारों के लिए सहारा बन रही है।
बताया गया कि 22 अगस्त को मुख्य डाकघर मंडला में आयोजित कार्यक्रम में डाकघर अधीक्षक मंडला संभाग, आईपीपीबी शाखा प्रबंधक केके मालवीय, नीवा बूपा की संबंध प्रबंधक ज्योत्स्ना श्याम और कुकसर शाखा डाकपाल जयश्री ने संयुक्त रूप से प्रेमलता धुर्वे को पाँच लाख रुपये का चेक सौंपा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लाभार्थी को भविष्य के वित्तीय प्रबंधन और बीमा सुरक्षा की जानकारी दी। इसके साथ ही आईपीपीबी के शाखा प्रबंधक ने कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, जिससे हर ग्रामीण परिवार ऐसी वित्तीय सुरक्षा का लाभ उठा सके।









