छात्रा की मौत का मामला गरमाया, गोंगपा और जीएसयू ने किया विरोध प्रदर्शन, सड़क जाम
- दोषियों की तत्काल बर्खास्तगी और एक करोड़ के मुआवजे की मांग
- प्रशासन-जनप्रतिनिधियों का किया पुतला दहन
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के ग्राम पिपरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रा शिल्पा मरावी की मौत और लगभग डेढ़ दर्जन छात्र-छात्राओं के बीमार होने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। छात्रा की मौत से आक्रोशित गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और गोंडवाना यूनियन स्टूडेंट ने शुक्रवार को निवास के राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने, उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शन में गोंगपा के प्रदेश संगठन मंत्री प्रमोद नरेती, जिला अध्यक्ष जितेंद्र मरावी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संतोष परस्ते, गोंडवाना यूनियन स्टूडेंट के प्रदेश महासचिव सेम परते, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल मरावी, उपाध्यक्ष पीयूष कुलस्ते, जिला पंचायत सदस्य ललिता धुर्वे, गोंगपा प्रदेश सचिव मदन कुलस्ते, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम कुम्हरे सहित बीजाडांडी, नारायणगंज, मोहगांव, नैनपुर और कुंडम समेत जिले भर से कार्यकर्ता पहुंचे।
जानकारी अनुसार प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले छात्रा शिल्पा मरावी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद एक रैली निकाली गई, जिसमें प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा। रैली राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे से शुरू होकर तहसील मुख्यालय, मॉडल रोड, राम मंदिर, आजाद चौक होते हुए वापस बाजार चौक से राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर पहुंची।
प्रदर्शनकारियों ने तिराहे पर ही शहपुरा, जबलपुर और मंडला की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग डेढ़ घंटे तक मार्ग बाधित रहा। हालांकि इस दौरान एम्बुलेंस को जाने दिया गया। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े थे कि दोषियों को केवल निलंबित न किया जाए, बल्कि उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की जाए। उन्होंने स्कूल प्रबंधक मोनिका रोहिला के पति सतीश रोहिला के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की।
जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन का किया पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के साथ भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। इस बीच निवास नगर परिषद के दमकल वाहन से वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन तब तक पुतला जल चुका था। इस घटना के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल बन गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम निवास एसडीएम सीएल वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी मुख्य मार्ग से हटे।
पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में था। निवास अनुभाग के टिकारिया, बीजाडांडी, मोहगांव और मनेरी चौकी क्षेत्रों से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इनमें निवास एसडीएम सीएल वर्मा, नायब तहसीलदार आलोक सोनी, निवास एसडीओपी पीएस वालरे, निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल, टिकारिया थाना प्रभारी गोपाल घासले, मोहगांव थाना प्रभारी वेदराम हनौते, बीजाडांडी थाने से उप निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा और मनेरी चौकी प्रभारी शशांक शुक्ला सहित पूरा स्टाफ मौजूद था।
इनका कहना है
पिछले दिनों एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया में एक छात्रा की मौत हो गई थी जिस बात को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा धरना दिया गया था उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही करने की बात की हैं।
सीएल वर्मा, एसडीएम, निवास
पिपरिया में हुई घटना को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा प्रदर्शन किया गया था उनका कहना था कि दोषियों कर कार्यवाही हो।
वर्षा पटेल, थाना प्रभारी निवास











