बारिश का कहर, सड़क निर्माण की लापरवाही से गांव में भरा पानी, लाखों का नुकसान
- खिन्हा-चकदेही सड़क निर्माण में देरी से ग्रामीणों की बढ़ी मुसीबत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में खिन्हा रिपटा से चकदेही मेंहदवानी तक बन रही सड़क निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है, जिसकी वजह से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि चकदेही गांव के भीतर पुलिया और नालियों का निर्माण अधूरा होने के कारण बारिश का पानी सीधे घरों और दुकानों में घुस रहा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले दो-तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने स्थिति को और भी बदतर हो गई है। साप्ताहिक बाजार के दिन अत्यधिक बारिश के कारण पूरा बाजार पानी से भर गया। व्यापारियों और दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान पानी में बह गया या खराब हो गया। कई व्यापारियों की सामग्री बारिश के पानी में डूबने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों और व्यापारियों में इस लापरवाही को लेकर भारी रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण एजेंसी की धीमी गति और अनियमितताओं के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। समय पर पुलिया और नालियां बन जातीं तो बारिश का पानी आसानी से निकल जाता और यह नुकसान नहीं होता। इस समस्या को लेकर ग्रामीण लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने और सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही पुलिया और नालियों का निर्माण पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी खराब हो सकती है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।









