विश्व मच्छर दिवस-बीमारियों के प्रति जागरूकता जरूरी

आज विश्व मच्छर दिवस, बीमारियों के प्रति जागरूकता जरूरी

  • मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह

मंडला महावीर न्यूज 29. आज 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी ने लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि मानसून के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

बताया गया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर रुके हुए साफ पानी में अंडे देता है। इसके लक्षण हैं- ठंड लगकर तेज बुखार आना, सिरदर्द, उल्टी, बेचैनी और शरीर में कमजोरी। अगर ऐसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह पर पूरा इलाज लें। सभी सरकारी अस्पतालों में मलेरिया की जांच और इलाज मुफ्त है।

डेंगू से बचाव के उपाय 

डेंगू, चिकनगुनिया और जीका जैसी बीमारियों का कारण एडीस इजिप्टाई मच्छर है। यह मच्छर घर के अंदर अंधेरे और नमी वाली जगहों पर छिपकर बैठता है। यह कूलर, टायरों, खुले मटकों और बाल्टियों में जमा साफ पानी में पनपता है। डेंगू के लक्षणों में 2 से 7 दिनों तक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द शामिल है। लक्षण दिखने पर फौरन जांच कराएं और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ जैसे फलों का रस और पानी पीते रहें। दर्द निवारक गोलियों का सेवन न करें।

मच्छरों को रोकने के लिए करें ये उपाय 

मच्छरों से बचने के लिए पानी जमा होने से रोकें। घर में रखी पानी की टंकियों और बाल्टियों को ढककर रखें और पानी को हर 3-4 दिन में बदलें। घर के आसपास साफ-सफाई रखें। सोने के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें और घरों में मच्छर निरोधक क्रीम, कॉइल या जाली का इस्तेमाल करें। साथ ही आप अपने घरों में मच्छर भगाने वाले पौधे जैसे लेमनग्रास, गेंदा, तुलसी आदि भी लगा सकते हैं।



 

Leave a Comment