उपनिरीक्षक माथरे ने सुलझाई बुलेट चोरी की गुत्थी

उपनिरीक्षक माथरे ने सुलझाई मोटरसाइकिल चोरी की गुत्थी

  • सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से इंदौर में पकड़ा गया आरोपी
  • बुलेट बरामद, अन्य चोरियों का हो सकता है खुलासा
  • घुघरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी का मामला सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस सफलता का श्रेय उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे को दिया जा रहा है, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए चोर को धर दबोचा। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।

जानकारी अनुसार घुघरी थाना क्षेत्र में विगत 31 जुलाई को एक मोटरसाईकिल चोरी की वारदात को एक अज्ञात चोर द्वारा अंजाम दिया गया। जब घुघरी निवासी निवेश झारिया की बुलेट मोटरसाइकिल एमपी 51 जेडबी 0939 उनकी दुकान के सामने से चोरी हो गई। जिसकी शिकायत निवेश झारिया ने घुघरी पुलिस को की। शिकायत मिलने के बाद घुघरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

ऐसे पकड़ा गया चोर 

उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे ने सबसे पहले इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति को बुलेट ले जाते हुए देखा गया। फुटेज की पुष्टि के लिए रामकिशोर माथरे खुद डिंडोरी गए और वहाँ से मिली जानकारी के आधार पर पडरिया, बजाग, जिला डिंडौरी के एक संदिग्ध व्यक्ति अमन नंदा पर शक हुआ। साइबर सेल की मदद से आरोपी का मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस की गई, जो इंदौर में मिली। इसके बाद रामकिशोर माथरे अपनी टीम के साथ इंदौर गए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई बुलेट बरामद कर ली गई।

पुलिस टीम का सराहनीय कार्य 

इस सफल ऑपरेशन में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूजा बघेल, उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे, उपनिरीक्षक मनोज कुमार गौतम, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण बघेल और साइबर सेल आरक्षक सुरेश भटेरे समेत पूरी टीम का अहम योगदान रहा। आरोपी अमन नंदा को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️



 

Leave a Comment