समान कार्य, समान वेतन और नियमितीकरण की मांग

समान कार्य, समान वेतन और नियमितीकरण की मांग

  • संविदा कर्मचारियों ने 10 सूत्री मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मंडला महावीर न्यूज 29. संविदा संयुक्त मंच जिला इकाई मंडला ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें सभी विभागों के संविदा कर्मचारियों के लिए नियमित कर्मचारियों के समान लाभ, समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत, आजीविका मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पीएचई विभाग, मनरेगा, वाटरशेड व अन्य विभागों के संविदा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

ज्ञापन में बताया है कि 4 जुलाई 2023 को हुई महापंचायत व 22 जुलाई 2023 को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी संविदा नीति का सभी विभागों में क्रियान्वयन किया जाए। संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान अनुकंपा नियुक्ति, ग्रेच्युटी, मेडिकल अवकाश,समान कार्य समान वेतन का लाभ, महंगाई भत्ता के साथ अर्जित एवं मेडिकल अवकाश का प्रावधान किया जाए, सीधी भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ अनुभव के अंक जोड़े जाएं अथवा न्यूनतम कट ऑफ 33 प्रतिशत तय किया जाए। कार्यरत संविदा कर्मचारियों को अन्य योजनाओं में समकक्ष पद पर समायोजित किया जाए। कृषि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जिला ई-गवर्नेंस, सामाजिक न्याय विभाग, बीकानेर आवास केंद्र इत्यादि में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित पदों पर समकक्ष ग्रेड दिया जाए। संविदा कर्मचारी का कम से कम 20 लाख रुपए का सामूहिक बीमा लाभ, रिक्त आवास उपलब्ध न होने की स्थिति में संविदा कर्मचारियों को आवास भत्ता स्वीकृत किया जाए।

ज्ञापन के माध्यम से अन्य मुद्दे भी उठाए गए, जिनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर का वेतन मैट्रिक्स लेवल 6 पर तय करना, पीएससी भर्ती में चिकित्सा क्षेत्र के संविदा कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर वरीयता देना, और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू होने तक वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देना शामिल है।


 

Leave a Comment