राज्य स्तरीय दल ने किया हेपेटाइटिस और कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम का निरीक्षण
- भोपाल से आए दल ने गर्भवती महिलाओं की हेपेटाइटिस जाँच पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत दिवस राज्य स्तर भोपाल से आए दल ने जिले के नारायणगंज में संचालित हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम और लेप्रोसी (कुष्ठ रोग) कंट्रोल प्रोग्राम का गहन निरीक्षण किया। इस दल में डॉ. शिखा शुक्ला, सुभाष पांडे, राजेन्द्र वर्मा जिला एपीडर्मीयोलॉजिस्ट शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दल ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए चलाए जा रहे हेपेटाइटिस जाँच कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने जानकारी ली कि कितनी गर्भवती महिलाओं की जाँच की जा चुकी है, और जाँच के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की। डॉ. शिखा शुक्ला और सुभाष पांडे ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि सभी गर्भवती माताओं को हेपेटाइटिस की जाँच कराने के लिए प्रोत्साहित और जागरूक किया जाए जिससे संक्रमण का समय पर पता लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान लेप्रोसी कंट्रोल प्रोग्राम के तहत किए जा रहे प्रयासों का भी मूल्यांकन किया गया। दल ने नए मामलों की खोज की प्रक्रिया की जानकारी ली और इस बात पर जोर दिया कि लेप्रोसी के हर मरीज को पूरा और समय पर उपचार मिले। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार से न केवल मरीज ठीक होते हैं, बल्कि समाज में कुष्ठ रोग के प्रसार को भी रोका जा सकता है। निरीक्षण दल ने दोनों कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।










