एनएच-30 के फूलसागर पुल में ट्रक-कार की टक्कर

एनएच-30 के फूलसागर पुल में ट्रक-कार की टक्कर

  • रैलिंग तोड़ते हुए मिनी ट्रक पुल में लटका

मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे 30 मे शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर मार्ग पर फूलसागर पुल पर एक मिनी ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि मिनी ट्रक पुल की मजबूत रेलिंग को तोड़ते हुए पुल में लटक गया, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे तत्काल जिला अस्पताल मंडला पहुंचाया गया। इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से वाहनों को हटाने के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद यातायात को दोबारा शुरू किया जा सका।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल की रेलिंग पहले से ही जर्जर हालत में थी और इसकी मरम्मत की आवश्यकता लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे में इस तरह के हादसे किसी भी दिन एक बड़ी घटना का रूप ले सकते हैं। इस घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने वाहनों को किनारे करके सामान्य किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने फिलहाल दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है।


 

Leave a Comment