आरोप-स्कूल में छात्रों के काटे बाल, अभिभावकों में रोष

आरोप-स्कूल में छात्रों के काटे बाल, अभिभावकों में रोष

  • सांदीपनि स्कूल टिकरिया के बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार की शिकायत
  • सांदीपनि स्कूल में छात्रों के बाल काटने का मामला 

मंडला महावीर न्यूज 29. सांदीपनि विद्यालय के दर्जनो बच्चों के बाल काटने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर अभिभावकों में रोष है। जानकारी के अनुसार नारायणगंज ब्लॉक के ग्राम टिकरिया स्थित शासकीय सांदीपनि हायर सेकंडरी स्कूल में छात्रों के साथ हुए व्यवहार को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल में अध्ययनरत छात्रों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके सिर के बाल काट दिए गए और उन्हें स्कूल से यह कहकर बाहर कर दिया गया कि बाल बड़े हैं, छोटे कराकर वापस आओ।

पीडि़त बच्चों का कहना है कि स्कूल में ही कंैची से उनके बाल बेढंग तरीके से काटे गए जिस कारण उन्हें सबके सामने शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा और बाद में स्कूल से भगा दिया गया। इस घटना से जहां बच्चों में अपमान और हीन भावना उत्पन्न वहीं उन्हें अत्यधिक मानसिक प्रताडऩा से गुजरना पड़ रहा है। बच्चों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना या अभिभावकों को जानकारी दिए सीधे इस प्रकार की कार्रवाई करना अनुचित है।

अभिभावकों का कहना है कि यदि वास्तव में बालों की लंबाई अनुशासन के विरुद्ध थी, तो पहले बच्चों को लिखित नोटिस देना चाहिए था या उनके अभिभावकों को सूचित करना चाहिए था। बावजूद इसके समस्या बनी रहती, तो उच्च अधिकारियों को जानकारी देकर उचित कदम उठाया जा सकता था, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने सीधे बच्चों के बाल काटकर न सिर्फ नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि बच्चों की मानसिक स्थिति को भी प्रभावित किया है।

बताया गया कि कोमल मन मस्तिष्क में बुरा असर न पड़े इसलिए पूर्व में न्यायालय एवं वरिष्ठ कार्यालय से ऐसे दिशा-निर्देश है कि बच्चों के साथ प्रताडऩा एवं ऐसा कोई कार्य न किए जाएं जिससे उनके मन मस्तिष्क में गलत असर पड़े। छात्रों ने जिला प्रशासन से इस घटना की गहराई से जांच कराने की मांग की है, जिससे उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में किसी छात्र के साथ ऐसा गलत व्यवहार न हो।

दोषी मिलने पर की जाएगी वैधानिक कार्रवाई 

विद्यालय पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली गई। विद्यालय में विद्यार्थियों को बाल कटवाकर आने के लिए निर्देशित किया गया था तथा इस संबंध में अभिभावकों को भी सूचित किया गया। जब विद्यार्थियों के बाल नहीं कटे पाए गए, तब पीटीआई के निर्देश पर बाल काटे गए। यह विद्यालय प्रबंधन का पक्ष है। इस संबंध में जांच कराकर, दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजेश विश्वकर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, नारायणगंज

इनका कहना है

बच्चों को बीते एक महीने से बाल छोटे रखने की हिदायत दी जा रही थी और अभिभावकों को भी सूचित किया गया था। उन्होंने कहा बालों को स्कूल में किसने और कैसे काटा, इसकी जानकारी मैं ले रही हूं। किसी भी छात्र को स्कूल से बाहर नहीं किया गया है।
अर्चना नेमा, प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय टिकरिया

मामले की जानकारी मिली है, इस संबंध में जांच कराते हुए नियम अनुसार कार्रवाई को कराई जाएगी।
अविनाश शर्मा, अध्यक्ष शिक्षा समिति, जनपद पंचायत नारायणगंज



 

Leave a Comment