बिना कर्ज लिए बैंक में दर्ज है ऋण, पीडि़त ने की शिकायत
- साइबर ठगी का नया मामला
- गगन कछवाहा दो साल से परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में धोखाधड़ी और ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी बीच एक और चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है, जहाँ एक व्यक्ति के नाम पर बिना उसकी जानकारी के बैंक में कर्ज दर्ज कर दिया गया है। इस धोखाधड़ी की वजह से पीडि़त को अब अन्य बैंकों से कर्ज लेने में परेशानी हो रही है। बताया गया कि जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम सकवाह पुरवा निवासी गगन कछवाहा ने हाल ही में कर्ज लेने के लिए एक बैंक में आवेदन दिया था। जब बैंक ने उनकी सिबिल रिपोर्ट की जांच की तो यह देखकर सभी हैरान रह गए कि गगन के नाम पर आईडीबीआई बैंक मंडला शाखा में 50 हजार रुपये का कर्ज बकाया है। गगन का कहना है कि उन्होंने न तो आईडीबीआई बैंक से कोई कर्ज लिया है, न ही उनका उस बैंक में कोई खाता है, और न ही वे किसी के गारंटर हैं।
गगन कछवाहा ने बताया कि जब उन्होंने इस संबंध में आईडीबीआई बैंक से संपर्क किया तो बैंक प्रबंधन ने मामले को ठीक करने का आश्वासन दिया, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। बैंक ने उनकी लिखित शिकायत लेने से भी इंकार कर दिया, जिसके बाद गगन ने डाक के माध्यम से बैंक को आवेदन भेजा। इस धोखाधड़ी की वजह से गगन कछवाहा को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि उनके नाम पर कर्ज दर्ज होने के कारण उन्हें अन्य बैंकों से भी कर्ज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनके काम रुक गए हैं। गगन ने अब इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और बैंक के उच्च अधिकारियों से की है। उन्होंने अपनी शिकायत में आग्रह किया है कि इस बात की जांच की जाए कि उनके नाम से कर्ज किसने लिया है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि उनके नाम से दर्ज इस फर्जी कर्ज को तुरंत हटाया जाए, जिससे वे भविष्य में अन्य बैंकों से कर्ज का लाभ उठा सकें।









