जन्मदिन पर समाजसेवा का संदेश, आंगनवाड़ी बच्चों के साथ मनाया जश्न
- विश्व स्तनपान सप्ताह पर निकाली जागरूकता रैली
मंडला महावीर न्यूज 29. समाजसेवा के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता दिखाते हुए समाजसेवी उमा यादव ने अपना जन्मदिन बूढ़ी माई वार्ड क्रमांक 23 महाराजपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने बच्चों को खिलौने और मिठाइयाँ वितरित कर खुशियाँ बांटी। जन्मदिन समारोह के साथ विश्व स्तनपान सप्ताह के उपलक्ष्य में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्र से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक करना था। इस दौरान एएनएम गोल्डी झरिया और भारती हरदाहा ने माताओं और महिलाओं को बच्चों के पोषण, नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच के फायदों के बारे में जानकारी दी।
उमा यादव हर साल अपना जन्मदिन इसी तरह समाजसेवा को समर्पित करती हैं। उनका यह प्रयास समाज में जागरूकता फैलाने और सेवा भावना को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। इस पहल से न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आई, बल्कि समाज में भी एक सकारात्मक संदेश गया। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में समाजसेविका शिखा श्रीवास्तव और अप्पू यादव भी उपस्थित रहीं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









