मत्स्याखेट के दौरान जाल में फंसा दुर्लभ अहिराज सांप

मत्स्याखेट के दौरान जाल में फंसा दुर्लभ अहिराज सांप, सर्प मित्र ने बचाई जान

  • हिरदेनगर पंचायत में अवैध मछली पकडऩे के दौरान दिखा भारत का सबसे जहरीला सांप
  • वन क्षेत्र में छोड़ा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में मत्स्याखेट पर 15 अगस्त तक प्रतिबंध लगा हुआ है, बावजूद इसके जिले भर में मत्स्याखेट बेखौफ जारी है। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत हिरदेनगर में मत्स्याखेट के दौरान मछली पकड़ रहे मछुआरों के जाल में एक दुर्लभ और अत्यंत जहरीला तीन फीट लंबा बेनडेड करेट अहिराज सांप फंस गया। जैसे ही इसकी सूचना मिली सर्प मित्र उत्तम मेहरा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए ब्लेड की मदद से मछली पकडऩे वाले जाल को काटकर सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद इस जहरीले सांप को वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

उत्तम मेहरा ने बताया कि बेनडेड करेट सांप भारत के सबसे जहरीले सांपों में से एक है, जो कि सामान्य करेट कॉमन करेट से भी अधिक विषैला होता है। इसकी एक और खासियत यह है कि यह अन्य सांपों का भी शिकार करता है, जिस कारण इसे सांपों का शिकारी भी कहा जाता है। सर्प मित्र उत्तम मेहरा की इस तत्परता और सावधानी भरे कार्य से न केवल एक दुर्लभ प्रजाति के सांप की जान बचाई गई, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया।


 

Leave a Comment