धनगांव की बदहाली, आज भी चारपाई पर ढोकर अस्पताल पहुँचते हैं मरीज

धनगांव की बदहाली, आज भी चारपाई पर ढोकर अस्पताल पहुँचते हैं मरीज

  • सांसद के गृहग्राम के पास होने के बावजूद विकास से वंचित धनगांव
  • कीचड़ भरी राह बनी मुसीबत

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के दो विकासखंड निवास और मंडला के बीच बसे विकासखंड मोहगांव के अंतर्गत आने वाला ग्राम धनगांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से कोसों दूर है। ऐसे आधुनिक युग में जहाँ देश में विकास की बातें की जाती हैं, वहीं यह गाँव सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में अतीत की तस्वीर पेश कर रहा है। यहाँ की स्थिति इतनी बदहाल है कि बीमार व्यक्ति को अस्पताल तक पहुँचाने के लिए आज भी चारपाई का सहारा लेना पड़ता है।

जानकारी अनुसार ग्राम धनगांव पहुँचने का कोई समुचित साधन नहीं है। न तो यहाँ सड़कें पक्की हैं और न ही कोई वाहन गाँव तक आसानी से पहुँच पाता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, क्योंकि दो किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क पूरी तरह से कीचड़ से भर जाती है। इसी कारण गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को भी ग्रामीणों को चारपाई पर डालकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। यह न केवल मरीज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है, बल्कि ग्रामीणों के लिए भी एक बड़ी चुनौती है। बताया गया कि विगत दिवस धनगांव निवासी हीरालाल यादव के स्वास्थ्य बिगडऩे पर यही दर्दनाक दृश्य देखने को मिला। उनके परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर उन्हें चारपाई पर लिटाया और कीचड़ भरी व ऊबड़-खाबड़ राह से पैदल ही अस्पताल तक का सफर तय किया। यह स्थिति प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता को दिखा रही है।

ग्राम की कर रहे अनदेखी 

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम धनगांव मंडला सांसद के गृहग्राम से सटा हुआ गाँव है। ऐसी स्थिति में यह उम्मीद की जाती थी कि यहाँ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, लेकिन हकीकत इसके उलट है, न तो पंचायत ने यहाँ की सड़क और स्वास्थ्य व्यवस्था की सुध ली और न ही जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी समस्याओं को कई बार पंचायत और जनप्रतिनिधियों के सामने रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि बीमार होने की स्थिति में वाहन गाँव तक नहीं पहुँच पाता, जिससे कभी-कभी मरीज को समय पर इलाज नहीं मिल पाता और उसकी स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे हालात में ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ हो रहा है।

जल्द कराया जाए मार्ग का निर्माण 

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को समझें और जल्द से जल्द सड़क निर्माण का कार्य करवाएँ, जिससे भविष्य में किसी भी मरीज को चारपाई पर ढोकर मुख्य मार्ग तक न ले जाना पड़े। इसके साथ ही गाँव में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीणों को समय पर इलाज मिल सके। ग्राम धनगांव की स्थिति जैसे जिले में ऐसे कई गाँव विकास की मुख्यधारा से कटे हुए हैं। जब तक ऐसी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक सबका साथ, सबका विकास का नारा अधूरा ही रहेगा।



 

Leave a Comment