कावंडियों ने किया नर्मदा जल से महाकाल का जलाभिषेक

कावंडियों ने किया नर्मदा जल से महाकाल का जलाभिषेक

  • भावल ग्राम के युवाओं ने निकाली कांवड़ यात्रा
  • शिव भक्ति में लीन हुए भक्त
  • भंडारे और प्रसाद वितरण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

मंडला महावीर न्यूज 29. पवित्र सावन मास के अवसर पर मंडला जिले में शिव भक्ति की लहर पूरे उफान पर है। इसी क्रम में हर साल की तरह इस साल भी नारायणगंज भवाल ग्राम के युवाओं ने एक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में कुंभेश्वर घाट से नर्मदा नदी का पवित्र जल भरकर कांवडि़ए कुम्हा, चीरी, लीलापुर और भवाल होते हुए भूमचैतन्य आश्रम पहुँचे।

भूमचैतन्य आश्रम स्थित मंदिर में स्थापित महाकाल शिवलिंग का नर्मदा जल से पूर्ण विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण हर हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गूँज उठा। भूमचैतन्य आश्रम के पुजारी अजीत दुबे, समाजसेवी दुर्गेश सिंगरोरे लोधी और रणजीत राजपूत ने कांवडिय़ों का तिलक वंदन कर उनका भव्य स्वागत किया, जिससे भक्तों का उत्साह और भी बढ़ गया।

इस कांवड़ यात्रा में भवाल क्षेत्र के युवा कांवडिय़ों के साथ मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान मनीष दुबे, प्रदीप उइके, लवकेश झरिया, नितेश झरिया, दिव्यांश राजपूत, रणजीत राजपूत, शुभम ठाकुर, रामसिंह झरिया, जगदीश झरिया, बाबू राम झरिया, अनसुइया वरकड़े, आशय रिंकू जसवाल, बृजमोहन ठाकुर और राजू उइके सहित कई अन्य भक्त इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने। महाकाल के जलाभिषेक के बाद कार्यक्रम का समापन भंडारे और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया।


 

Leave a Comment