मोतीनाला में नशे से दूरी है जरूरी मिनी मैराथन का आयोजन
- एसडीओपी और डीएसपी ने किया विजेताओं को सम्मानित
- युवाओं को मिला नशामुक्ति का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. मोतीनाला थाना परिसर में नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत एक मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश देना था। इस पहल ने युवाओं और आम जनता को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन में एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी और डीएसपी राहुल खरे ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और मैराथन के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया। मैराथन में स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नक्सल प्रभावित ग्रामों से भी कई प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में पुरुषों की श्रेणी में भीमडोंगरी निवासी संजीव पंद्रे और महिलाओं की श्रेणी में मवई निवासी राधा मरकाम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के आयोजक थाना प्रभारी मोतीनाला निरीक्षक हेमंत बावरिया व उनकी टीम लगातार सुदूर गांवों और कस्बों में जाकर इस अभियान के संबंध में आमजन को जागरूक कर रहे हैं। नशे के विरुद्ध अभियान को सफल बनाने के लिए युवाओं को अभियान से जोडऩे की मुहिम छेड़ चुके हैं।










