बदहाल नालियों से बारिश में जनजीवन अस्त-व्यस्त
- घुघरी के वार्ड क्रमांक 9 के लोग परेशान
- ग्राम पंचायत की अनदेखी से घरों में घुस रहा पानी, संक्रमण का खतरा बढ़ा
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 9 के निवासी इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे उनका जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है, क्योंकि नालियों की उचित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बह रहा है और घरों में घुसने लगा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वार्ड में नालियों की नियमित सफाई कई दिनों से नहीं की गई है। जिसके कारण मामूली बारिश में भी सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। यह जमा हुआ पानी अब घरों में घुस रहा है, जिससे न केवल निवासियों को असुविधा हो रही है, बल्कि बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। कीचड़ और गंदगी से भरे रास्ते बच्चों और बुजुर्गों के लिए चुनौती बन गए हैं, जिससे उनका आवागमन मुश्किल हो गया है।
बताया गया कि वार्ड नंबर 9 के नागरिकों में ग्राम पंचायत के प्रति भारी रोष व्याप्त है। उनका आरोप है कि पंचायत इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रही है, जबकि बरसात के दिनों में यह परेशानी हर साल विकराल रूप ले लेती है। एक स्थानीय निवासी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि अगर समय रहते नालियों की सफाई कर दी जाती, तो यह पानी नालियों से बहता और हमें इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। ग्रामीणों का कहना है कि इस रैनी सीजन में जल भराव से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है ओर दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने ग्राम पंचायत से तत्काल नालियों की सफाई कराने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
इनका कहना है
मेरे घर के सामने मार्ग पर बहुत ज्यादा पानी भरा रहता है जिससे बहुत समस्या होती है, ग्राम पंचायत द्वारा नालिया साफ नहीं कराई जाती है, जिससे और भी समस्या होती है पानी मार्ग में भरा रहता है
दीपक अग्रवाल, घुघरी वार्ड नं 9
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️









