वैश्य महासम्मेलन का लक्ष्य, आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर भविष्य
- मंडला में जुटी जिला कार्यकारिणी
- सदस्यता विस्तार के लिए बनाई योजना
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश में समाजसेवा में अग्रणी सामाजिक संगठन वैश्य महासम्मेलन मप्र का जिला कार्यकारिणी एवं आजीवन सदस्यों का सम्मेलन मंडला में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने की, जिन्होंने संगठन के मूल उद्देश्य को आने वाली पीढ़ी को कुछ बेहतर देना बताया। कार्यक्रम की शुरुआत आराध्य मां लक्ष्मी जी के चित्र पर माल्यार्पण और तिलक वंदन से हुई, जिसमें मंचासीन अतिथि और सभी पदाधिकारी शामिल थे।
जिला प्रभारी सुनील अग्रवाल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। संभागीय अध्यक्ष अशोक गोयल ने पूरे मध्यप्रदेश में वैश्य महासम्मेलन के विस्तृत नेटवर्क और विपरीत परिस्थितियों में मिले सहयोग के महत्व को साझा किया।
जिला अध्यक्ष नितिन राय ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए संगठन को एक परिवार बताया, जिसकी नीति और नीयत सदैव समाज हित में रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के उद्बोधन से नई ऊर्जा मिली है और मंडला इकाई अब और बेहतर कार्य करेगी। महिला अध्यक्ष अनिता गोयल ने प्रत्येक तहसील में महिला कार्यकारिणी के विस्तार की योजना बताई और आगामी 27 जुलाई को हरियाली तीज पर महिला इकाई द्वारा कार्यक्रम आयोजन की घोषणा की।
राष्ट्रीय मासिक पत्रिका आंदोलन पथ के विगत दो अंकों का वितरण संभागीय महामंत्री एवं पत्रिका के प्रबंध संपादक रंजीत कछवाहा द्वारा किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने सदस्यों से प्रतिदिन 5-10 मिनट संगठन के लिए निकालने और आपस में जुडऩे का आग्रह किया। उन्होंने आगामी 30 जुलाई के बाद आजीवन सदस्यता शुल्क बढऩे की जानकारी देते हुए सभी से नए सदस्यों को जोडऩे के लिए भागीरथी प्रयास करने का आह्वान किया। सुधीर अग्रवाल ने विधर्मियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर चिंता व्यक्त की, जिन्हें उन्होंने मातृशक्तियों, सनातन धर्म और आने वाली पीढ़ी के लिए घातक बताया। उन्होंने मोबाइल के कम उपयोग करने के साथ इसे भोजन करते समय, ड्राईविंग, पूजन और संगठन की बैठकों के दौरान इसे साइलेंट रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक सुधीर कसार ने किया। इस अवसर पर हाल ही में स्वर्गवास हुए मंडला नगर के आजीवन सदस्य ऋतु (राकेश) अग्रवाल एवं अन्नू (नरेंद्र) सिहारे को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के अंत में इंद्रेश खरया के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पौधारोपण भी किया गया।









