पैडी ट्रांसप्लांटर बना किसानों के लिए एक वरदान

पैडी ट्रांसप्लांटर बना किसानों के लिए एक वरदान

  • पैडी ट्रांसप्लांटर से किसान कर रहे धान की रोपाई
  • कृषि में नई क्रांति बना किसानों का सहारा
  • कम लागत, अधिक उत्पादन
  • मंडला के किसानों को मिल रही अत्याधुनिक कृषि मशीनरी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में धान की खेती को आधुनिक बनाने की दिशा में पहल की गई है। कृषि अभियांत्रिकी विभाग मंडला किसानों को वॉक-बिहाइंड 4-कतारी पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन अनुदान पर उपलब्ध करा रहा है, जिससे धान की रोपाई में लगने वाले समय और लागत में भारी कमी आएगी। इसके साथ ही उत्पादकता में भी वृद्धि होगी। बताया गया कि विगत दिवस नैनपुर विकासखंड के समनापुर गांव में किसान ऋषि ठाकुर के खेत में इस अत्याधुनिक मशीन का सफल प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर कृषि अभियांत्रिकी विभाग से सहायक कृषि यंत्री प्रियंका मेश्राम और उपयंत्री भावना मरावी सहित कई किसान उपस्थित रहे।

बताया गया कि सहायक कृषि यंत्री प्रियंका मेश्राम ने किसानों को पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के अनेक लाभों से अवगत कराया, उन्होंने बताया कि पारंपरिक तरीकों से धान की रोपाई में मजदूरों की कमी एक बड़ी चुनौती बन गई है, जिससे समय पर काम पूरा नहीं हो पाता और लागत भी काफी बढ़ जाती है। उन्होंने जोर दिया कि यह पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन इस समस्या का स्थायी समाधान है और किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं।

कैसे काम करती है यह मशीन

पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के उपयोग के लिए धान की रोपाई से लगभग 16 दिन पहले मैट-टाइप नर्सरी तैयार की जाती है, जिसका आकार 1 फिट & 2 फिट होता है। जब धान का रोपा 15 दिन से अधिक का हो जाता है, तो इन नर्सरी को सावधानीपूर्वक निकालकर मशीन में व्यवस्थित किया जाता है, जिसके बाद मशीन तैयार खेतों में स्वचालित रूप से रोपाई का कार्य करती है।

लागत में कमी के साथ उत्पादन में वृद्धि 

इस मशीन के उपयोग से धान की रोपाई की लागत में 70-80 प्रतिशत तक की कमी आती है। यह समय की भी बचत करती है। मात्र एक घंटे में एक लीटर पेट्रोल की खपत होती है और दो घंटे में एक एकड़ में धान की रोपाई हो जाती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे धान का उत्पादन 15-20 प्रतिशत तक बढ़ जाता है।

मशीन पर किसानों को मिल रहा अनुदान 

बताया गया कि लगभग 2.87 लाख रुपये की कीमत वाली यह मशीन कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने इस मशीन की कार्यप्रणाली को खूब सराहा और कई किसानों ने इसे खरीदने की इच्छा भी जताई। यह पहल मंडला के किसानों के लिए धान की खेती को अधिक लाभदायक और कुशल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे उनकी आय और समग्र कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी।



 

Leave a Comment