टीबी से बचाव के उपायों पर जोर, संभावितों के लिए सैंपल
- टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने किया जा रहा जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज कूड़ामैली स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर में टीबी मुक्त भारत अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस शिविर में टीबी बीमारी से बचाव और उससे सावधानी बरतने के उपायों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान उपस्थित सभी लोगों को टीबी मुक्त भारत के संकल्प की शपथ दिलाई गई। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा टीबी के लक्षणों, बचाव के तरीकों और नियमित उपचार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर टीबी संभावित व्यक्तियों के सैंपल भी लिए गए, जिससे शुरुआती पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।
यह पहल प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2025 तक भारत को टीबी से पूरी तरह मुक्त करना है। एसटीएस देवेन्द्र साहू ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जन जागरूकता फैलाना और रोग की प्रारंभिक पहचान करना ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी नागरिकों से टीबी के लक्षणों को गंभीरता से लेने और तुरंत जांच कराने की अपील की।









