53 करोड़ की लागत से बना एनएच 30 बदहाल

53 करोड़ की लागत से बना एनएच 30 बदहाल

  • गड्ढों से आम लोग परेशान
  • बिछिया के मुख्य मार्ग में दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
  • मंडला-जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्दशा पर आक्रोश

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले को जबलपुर से रायपुर को जोडऩे वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 30 की बदहाली को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। नेशनल हाईवे के गुणवत्ताविहीन निर्माण के बाद सुधार कार्य के लिए 53 करोड़ रुपये की लागत से किये जा रहे कार्य में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा रहा जा रहा है। विगत दस वर्षो से जिले की जनता चिकनी और सपाट सड़क का सपना देख रही थी, जो सपना ही बनकर रह गया है। जबलपुर से छग सीमा तक हाईवे के परखच्चे उड़ चुके है। मरम्मतीयकरण भी उखडऩे लगा है। हाईवे मार्ग फिर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे आमजन समेत वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया गया कि मंडला से बिछिया होते हुए चिल्फी बॉर्डर तक पूरा मार्ग बारिश के कारण पूरी तरह से उखड़ चुका है। इन भारी-भरकम गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है। इसके साथ ही बिछिया नगर के मुख्य मार्ग पर भी बरसात में हुए गड्ढों से आम जनता त्रस्त है। नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य मार्ग स्थित एनीकट पुल पर भी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लगभग दो माह पूर्व ही इस पुल का मरम्मत कार्य हुआ था, लेकिन इसके बाद फिर से जानलेवा गड्ढे उभर आए हैं। आवागमन अधिक होने के कारण यह स्थान सबसे संवेदनशील माना जाता है, जिससे यात्रियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी हमेशा भय बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द सुधार कार्य कराया जाए, अन्यथा कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।

इनका कहना है

बारिश होने से पहले ही ये गड्ढे हाईवे पर हो गए थे। एनएच 30 मार्ग में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सरकार का इस ओर ध्यान नहीं है। इन दुर्घटनाओं के लिए प्रशासन के आला अधिकारी जिम्मेदार हैं।
नारायण सिंह पट्टा, विधायक, बिछिया

जबलपुर से छग सीमा तक नेशनल हाईवे 30 मार्ग में हो रहे गड्ढों के लिए कहीं न कहीं संबंधित अधिकारी ही जवाबदार हैं। कलेक्टर ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं और शीघ्र ही मरम्मत का कार्य प्रारंभ होगा।
डॉ. विजय आनंद मरावी, समाजसेवी, बिछिया


 

Leave a Comment