विद्यालय की छत में गिरा विशालकाय पेड़, टला बड़ा हादसा

विद्यालय की छत में गिरा विशालकाय पेड़, टला बड़ा हादसा

  • स्कूल पर मंडराया खतरा
  • छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 में विगत दिवस एक विशालकाय वट वृक्ष जड़ सहित अचानक गिर गया। यह वृक्ष विद्यालय परिसर में लगा था, जिसके नीचे शासकीय अधिकारी व कार्यालय के कर्मचारी बैठे थे। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई भी व्यक्ति पेड़ के नीचे मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस घटना ने प्रशासनिक उदासीनता और शासकीय भवनों की जर्जर स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया गया कि विद्यालय भवन से सटा हुआ यह विशाल वृक्ष कई वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था और इसकी शाखाएं विद्यालय भवन की ओर झुक गई थीं। स्थानीय लोगों व विद्यालय प्रशासन द्वारा इसकी कटाई के लिए कई बार नगरपालिका प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिसके कारण यह पेड़ अचानक गिर गया। इस घटना के बाद विद्यालय में पढऩे वाले छात्र, छात्राओं एवं स्टाफ भयभीत हो गए है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर पेड़ कटवाने का अनुरोध किया था, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

जिला प्रशासन और नगरपालिका की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए सामाजिक संगठनों ने भी अपनी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता दिखानी चाहिए। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस संबंध में पहले भी कई शिकायतें मिली थीं, लेकिन संसाधनों की कमी और लालफीताशाही के चलते कार्रवाई में देरी हुई। इस घटना के बाद पीडब्ल्यूडी ने तत्काल एक टीम को घटनास्थल पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया और जल्द से जल्द पेड़ को हटाने का आश्वासन दिया है।


 

Leave a Comment