बैंकों में प्रशिक्षण से किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
- खरीफ से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार
- बीमा अधिकारी दे रहे व्यक्तिगत जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. खरीफ 2025 सीजन से पहले प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। किसान कल्याण व कृषि विकास मंत्रालय के तत्वाधान में चल रहे इस अभियान में राष्ट्रीयकृत बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय कृषि बीमा कंपनी के अधिकारी जिले की सभी बैंक शाखाओं में व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर बैंक कर्मचारियों को योजना की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक किसानों को इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य है कि बैंक कर्मचारी योजना के हर पहलू से अवगत हों और किसानों को सही व सटीक जानकारी प्रदान कर सकें। बैंक शाखाओं में दिए जा रहे इस प्रशिक्षण में योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, प्रीमियम भुगतान और दावा निपटान प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। अधिकारियों द्वारा सीधे बैंकों में पहुंचकर जानकारी देने से जमीनी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन में आने वाली संभावित बाधाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
व्यक्तिगत रूप से कर रहे प्रशिक्षित
भारतीय कृषि बीमा कंपनी के प्रबंधक पारस बैरागी ने बताया हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित न रहे। बैंक हमारे महत्वपूर्ण साझेदार हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना यह संभव नहीं है। इसीलिए हम प्रत्येक बैंक शाखा तक पहुंच रहे हैं और उन्हें व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षित कर रहे हैं।
किसानों को वित्तीय सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खरीफ 2025 सीजन के लिए किसानों को फसल बीमा का लाभ उठाने में कोई कठिनाई न हो। किसानों से अपील की जा रही है कि वे अपनी निकटतम बैंक शाखा से संपर्क कर इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करें और अपनी फसलों का बीमा करवाकर संभावित प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से खुद को सुरक्षित करें। यह प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यक्रम के पारस कुमार प्रबंधक, एआईसी वत्सल कृष्णा, गौरव हरदहा, आकाश पटेल समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।












