व्रती नगरी पिंडरई में चातुर्मासिक मंगल कलश स्थापना आज
- मुनिद्वय नीरज सागर और निर्मद सागर का चातुर्मास
- धार्मिक आयोजनों की धूम
मंडला महावीर न्यूज 29. दिगंबर जैनाचार्य श्री विद्या सागर एवं आचार्य समय सागर के आशीर्वाद से व्रती नगरी पिंडरई इस वर्ष मुनि नीरज सागर एवं मुनि श्री निर्मद सागर के चातुर्मास का साक्षी बन रही है। मुनिद्वय का विगत 28 जून को व्रती नगरी में मंगल प्रवेश हुआ था, जिसके बाद से ही विविध धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है।
इन आयोजनों के क्रम में 30 जून को युग श्रेष्ठ आचार्य विद्यासागर महाराज का 58वां मुनि दीक्षा दिवस सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसके बाद 3 से 10 जुलाई के मध्य विनोद भैया आधारताल जबलपुर के कुशल निर्देशन में अष्टाह्निका महापर्व में सिद्धाराधना की गई। इसी कड़ी में 10 जुलाई को गुरुपूर्णिमा और 11 जुलाई को वीर शासन जयंती का आयोजन भी सानंद संपन्न हुआ।
साधु सेवा समिति के मीडिया प्रभारी ऋषभ जैन ने बताया कि आज 13 जुलाई को मुनिद्वय की चतुर्मासिक मंगल कलश स्थापना समारोह श्री विद्या स्वभाव भवन में आयोजित किया जाएगा। सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष चौधरी कैलाश चंद्र, चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष मनीष जैन और श्रीविद्या सागर नवयुवक कमेटी के अध्यक्ष पीयूष जैन ने चातुर्मास के दौरान होने वाले सभी धार्मिक आयोजनों में जिलेवासियों एवं ग्रामवासियों को उपस्थित होने का आव्हान किया है।









