भुआ बिछिया उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, भाजपा चित
- वार्ड 13 में राजकुमारी अमर धुर्वे ने 12 मतों से दर्ज की विजय, कांग्रेस खेमे में जश्न
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत दिवस हुए नगर परिषद भुआ बिछिया के वार्ड क्रमांक 13 के उपचुनाव का परिणाम 10 जुलाई को घोषित हो गया है। इस परिणाम ने सत्ताधारी भाजपा को करारा झटका देते हुए कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी राजकुमारी अमर धुर्वे को विजयी घोषित किया है। राजकुमारी धुर्वे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 12 मतों के अंतर से पराजित कर पार्षद पद पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उल्लास और जश्न का माहौल है।
कांग्रेस नेताओं ने इस जीत को सत्ता पक्ष के धन बल और बाहुबल के विरुद्ध संघर्ष और रणनीति की जीत बताया है। विधायक नारायण सिंह पट्टा और ज्योत सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में चुनाव प्रभारी रानू राजपूत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी और समस्त कांग्रेस टीम की अथक मेहनत को इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय दिया जा रहा है।
विधायक नारायण सिंह पट्टा ने इस जीत को कांग्रेस परिवार के संघर्ष की जीत कहां है। उन्होंने कहा टीम बिछिया के एक-एक साथी ने दिन-रात मेहनत करके सत्ता बल, बाहुबल और धनबल को हराकर इस संघर्षपूर्ण जीत को हासिल किया है। उन्होंने उपचुनाव प्रभारी रानू राजपूत और ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी सहित टीम बिछिया के हर एक साथी को बधाई दी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिछिया के अध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी ने जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस चुनाव में सहयोग किया। उन्होंने भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा द्वारा किए गए चुनाव प्रचार के बावजूद भाजपा की हार का कारण बताया कि भाजपा के नेताओं द्वारा पूर्व में नगर परिषद बिछिया में जो करोड़ों का घोटाला हुआ, वह आज भी नगर परिषद के सभी वार्डों के नागरिकों के मन में घर कर चुका है। नगर परिषद बिछिया के उपाध्यक्ष एवं उपचुनाव प्रभारी रणधीर सिंह राजपूत ने कहा कि इस नगर परिषद उपचुनाव में कांग्रेस की जीत हुई, हमारे एक-एक कार्यकर्ता ने बहुत मेहनत से कार्य किया जिसका यह परिणाम है कि आज हम वार्ड क्रमांक 13 के उपचुनाव में विजय हुए।









