मंडला एसपी ने किया घुघरी थाने का आकस्मिक निरीक्षण

एसपी मंडला ने किया घुघरी थाने का आकस्मिक निरीक्षण

  • पेसा एक्ट, ई-समन और माइक्रो बीट व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने थाना घुघरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा की और थाना प्रभारी सहित उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से पेसा एक्ट के क्रियान्वयन, माइक्रो बीट व्यवस्था की प्रभावशीलता, ई-समन प्रणाली के उपयोग और थाना परिसर में खड़े जब्त या लावारिस वाहनों के निराकरण की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने माइक्रो बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि बीट प्रभारी अपने क्षेत्रों में नियमित संपर्क बनाए रखें, गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और सभी आवश्यक जानकारियों को बीट पुस्तिका में विधिवत दर्ज करें। ई-समन प्रणाली के माध्यम से न्यायालयीन कार्यवाहियों, जिनमें ऑनलाइन प्राप्त समन और वारंट शामिल हैं को समय पर और शत-प्रतिशत पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। इसके साथ ही थाना परिसर में खड़े लावारिस या जब्त वाहनों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी मंडला ने थाना परिसर की साफ-सफाई, दस्तावेजों के उचित रख-रखाव और आम जनता के साथ पुलिसकर्मियों के व्यवहार में संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के अंत में उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से बात की और माइक्रो बीट प्रणाली में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।


 

Leave a Comment